railway

25 हजार वोल्ट की रेलवे तार काटने की कोशिश, तीन घंटे तक बाधित रहा रेल यातायात

पटना: बिहार में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। गया–पटना रेलखंड पर टेहटा और जहानाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच अज्ञात चोरों ने रेलवे की 25,000 वोल्ट क्षमता वाली ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार काटने की कोशिश की। इस घटना के कारण रेल यातायात करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा और कई ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ

Vindhya Dubey13 जुल. 2026, 06:10 PM IST
खबर शेयर करें:
25 हजार वोल्ट की रेलवे तार काटने की कोशिश, तीन घंटे तक बाधित रहा रेल यातायात

 रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने ओवरहेड विद्युत तार को काटकर चोरी करने का प्रयास किया। इसी दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस की गतिविधि बढ़ने पर आरोपी कटी हुई तार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ओएचई लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया। मरम्मत पूरी होने के बाद रेल परिचालन को सामान्य किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 25,000 वोल्ट की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन रेलगाड़ियों के संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न केवल रेल सेवाओं को प्रभावित करती है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती है।

रेलवे सुरक्षा बल ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।