international

दिल्ली में दर्दनाक हादसा: यमुना नदी में नहाने गए 4 किशोर तेज बहाव में बहे, तलाश जारी।

दिल्ली के अलीपुर इलाके के हिरनकी गांव के पास यमुना नदी में नहाने गए पांच किशोरों में से चार तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। एक किशोर सुरक्षित बाहर निकल आया और उसने पुलिस को सूचना दी। एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियां लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

Kalpana Gautam13 जुल. 2026, 10:24 PM IST
खबर शेयर करें:
दिल्ली में दर्दनाक हादसा: यमुना नदी में नहाने गए 4 किशोर तेज बहाव में बहे, तलाश जारी।
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अलीपुर क्षेत्र के हिरनकी गांव (ठोकर नंबर-24) के पास यमुना नदी में नहाने गए पांच किशोरों में से चार तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी किशोरों की उम्र लगभग 14 से 15 वर्ष बताई जा रही है। नहाने के दौरान अचानक नदी का तेज बहाव उन्हें अपनी चपेट में ले गया। हालांकि, एक किशोर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया और उसने स्थानीय लोगों तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), दिल्ली अग्निशमन सेवा और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।
समाचार लिखे जाने तक चारों किशोरों की तलाश जारी थी। प्रशासन की ओर से अभी तक किसी के मिलने या मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान यमुना नदी और अन्य जलाशयों में नहाने या तेज बहाव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें, क्योंकि जलस्तर और धारा अचानक खतरनाक रूप ले सकती है।