government

गुजरात कनेक्शन पर FDA का बड़ा एक्शन, तुकाराम मुंढे ने गुटखा सप्लाई नेटवर्क पर कसा शिकंजा

मुंबई: महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखे की सप्लाई को लेकर FDA ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच में गुजरात कनेक्शन सामने आने के बाद विभाग ने सीमा और सप्लाई नेटवर्क पर सख्ती बढ़ा दी है।

Neha Sharma14 जुल. 2026, 12:15 AM IST
खबर शेयर करें:
गुजरात कनेक्शन पर FDA का बड़ा एक्शन, तुकाराम मुंढे ने गुटखा सप्लाई नेटवर्क पर कसा शिकंजा
FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में राज्यभर में प्रतिबंधित गुटखा और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में मुंबई, ठाणे, लातूर, जलगांव, नासिक समेत कई जिलों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं। कई मामलों में कानूनी कार्रवाई भी शुरू की गई है।

जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि प्रतिबंधित गुटखा गुजरात और मध्य प्रदेश के रास्ते महाराष्ट्र में पहुंच रहा है। इसके बाद FDA ने राज्य की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी है। सीमा से आने वाले ट्रकों और अन्य वाहनों की सघन जांच की जा रही है, वहीं सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की भी पहचान की जा रही है।इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए FDA ने गुजरात और मध्य प्रदेश की संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाया है, ताकि अंतरराज्यीय स्तर पर चल रहे इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

FDA का कहना है कि कार्रवाई केवल दुकानदारों तक सीमित नहीं रहेगी। प्रतिबंधित गुटखे के निर्माण, भंडारण, परिवहन और सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।