health

पुणे में वारी शोभायात्रा के दौरान बड़ा हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 3 महिला वारकरियों की मौत

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की, हादसे में चार अन्य महिलाएं घायल

Vindhya Dubey14 जुल. 2026, 01:05 PM IST
खबर शेयर करें:
पुणे में वारी शोभायात्रा के दौरान बड़ा हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 3 महिला वारकरियों की मौत
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार सुबह संत ज्ञानेश्वर महाराज पालखी सोहळा (वारी) के दौरान एक सड़क हादसा हो गया। सासवड-जेऊरी मार्ग पर बेलसर टोल प्लाजा के पास पालखी के साथ चल रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे पैदल चल रही वारकरियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिला वारकरियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, ट्रक चालक ने सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक सड़क किनारे चल रही महिला श्रद्धालुओं की ओर मुड़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं सांगली जिले की निवासी थीं और वारी यात्रा में शामिल होने के लिए पुणे पहुंची थीं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।