crime
दहशत के 15 किलोमीटर! छेड़खानी का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों का पूरे परिवार पर खूनी हमला।
महाराष्ट्र के नासिक में इगतपुरी स्थित भावली डैम पर पिकनिक मनाने गए परिवार की महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी कार का 15 किलोमीटर तक पीछा किया। आरोपियों ने कार को रोककर लोहे की रॉड से हमला किया, परिवार के साथ मारपीट और लूटपाट की, जिसके बाद पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लिया है।
Neha Sharma14 जुल. 2026, 06:21 PM IST

महाराष्ट्र के नासिक में महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। बदमाशों ने उनकी कार का 15 किलोमीटर तक पीछा कर बीच रास्ते में जानलेवा हमला कर दिया।
नासिक: महाराष्ट्र के इगतपुरी स्थित भावली डैम पर पिकनिक मनाने गया एक परिवार उस समय दहशत में आ गया, जब कुछ युवकों ने परिवार की एक महिला के साथ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी और छेड़छाड़ की। परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, वे अपनी कार से वहां से निकल गए, लेकिन बदमाश मोटरसाइकिलों से करीब 15 किलोमीटर तक उनका पीछा करते रहे। रास्ते में कार को रोककर आरोपियों ने लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान कार के शीशे तोड़ दिए गए और परिवार के कई सदस्यों के साथ मारपीट की गई। घटना के समय कार में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ लूटपाट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है और पर्यटक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सूचना मिलते ही इगतपुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अब तक 9 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़छाड़, मारपीट, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
