politics
महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला: अब हर साल आधिकारिक रूप से मनाई जाएगी दिवंगत अजित पवार की जयंती
महाराष्ट्र सरकार ने दिवंगत अजित पवार की जयंती को आधिकारिक रूप से मनाने का निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के परिपत्र के अनुसार, अब हर वर्ष 22 जुलाई को राज्यभर के सरकारी कार्यालयों, अर्ध-सरकारी संस्थानों, स्कूलों और कॉलेजों में उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Neha Sharma16 जुल. 2026, 03:16 PM IST

सरकार ने दिवंगत अजित पवार की जयंती को राज्य के आधिकारिक स्मृति कार्यक्रमों में शामिल करने का निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, अब हर वर्ष 22 जुलाई को उनकी जयंती पूरे राज्य में सरकारी स्तर पर मनाई जाएगी।
सरकार के निर्देशानुसार, मंत्रालय सहित राज्य के सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों में अजित पवार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। सरकार का कहना है कि यह निर्णय उनके सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और महाराष्ट्र के विकास में दिए गए योगदान के सम्मान में लिया गया है
इतना ही नहीं, यह आदेश राज्य के सभी सरकारी स्कूलों और महाविद्यालयों पर भी लागू होगा। इन संस्थानों में भी 22 जुलाई को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों की योजना बनाकर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल के माध्यम से नई पीढ़ी को अजित पवार के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों से परिचित कराया जाएगा। अब उनकी जयंती महाराष्ट्र सरकार के आधिकारिक स्मृति दिवसों का हिस्सा होगी और हर वर्ष पूरे राज्य में सरकारी स्तर पर मनाई जाएगी।
