crime
स्पा से चल रहा था देह व्यापार का धंधा, मीरा-रोड पुलिस ने संचालिका को दबोचा l
महाराष्ट्र के मीरा रोड ईस्ट स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर की संचालिका को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक पीड़ित युवती को रेस्क्यू कर सुरक्षित आश्रय गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महाराष्ट्र के मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के महिला अत्याचार प्रतिबंधक एवं विशेष बालक संरक्षण एवं देखभाल कक्ष (क्राइम ब्रांच) ने गुप्त सूचना के आधार पर मीरा रोड ईस्ट के काशीगांव थाना क्षेत्र में स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में कथित देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है।
पुलिस टीम ने पहले एक बोगस ग्राहक और पंच की मदद से सूचना का सत्यापन किया। इसके बाद स्पा सेंटर पर छापा मारकर कार्रवाई की गई। इस दौरान स्पा सेंटर की संचालिका को गिरफ्तार किया गया और वहां से एक पीड़ित युवती को रेस्क्यू किया गया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि स्पा सेंटर से जुड़े लोगों द्वारा ग्राहकों को कथित तौर पर मीरा-भाईंदर और वसई-विरार क्षेत्र के लॉजिंग एवं बोर्डिंग प्रतिष्ठानों तक भी युवतियां उपलब्ध कराई जाती थीं। हालांकि, इन आरोपों की विस्तृत जांच अभी जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, क्या इसमें अन्य साझेदार भी हैं तथा कितनी महिलाओं को इस नेटवर्क के माध्यम से कथित तौर पर इस अवैध गतिविधि में धकेला गया। आरोपी संचालिका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA) की संबंधित धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। वहीं, रेस्क्यू की गई पीड़ित युवती को नियमानुसार महिला सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
यह कार्रवाई मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में महिला अत्याचार प्रतिबंधक एवं विशेष बालक संरक्षण कक्ष तथा क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
