crime

लड़की से मिलने गए युवक को भीड़ ने पीटा, गले में पट्टा डाल खंभे से बांधा l

हरिद्वार में एक युवक को उसकी महिला मित्र के घर मिलने जाने पर कुछ लोगों ने घेरकर मारपीट की। आरोप है कि उसके गले में कुत्ते का पट्टा डालकर खंभे से बांध दिया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। पुलिस के अनुसार, युवक हरियाणा के करनाल का रहने वाला है और सिडकुल क्षेत्र में काम करता है। युवक और युवती के बीच पहले से जान-पहचान थी l सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ाकर उसका मेडिकल कराया गया। युवती की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

Kashish Rai20 जुल. 2026, 09:54 PM IST
खबर शेयर करें:
लड़की से मिलने गए युवक को भीड़ ने पीटा, गले में पट्टा डाल खंभे से बांधा l

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने समाज में बढ़ती भीड़ हिंसा की समस्या को फिर उजागर कर दिया है। कनखल थाना क्षेत्र में एक युवक को कथित तौर पर कुछ लोगों ने घेर लिया और उसके साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसे अपमानित करने के लिए उसके गले में कुत्ते का पट्टा डालकर खंभे से बांध दिया l पुलिस के मुताबिक, यह युवक हरियाणा के करनाल का निवासी है और हरिद्वार के सिडकुल इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। 


उसकी स्थानीय स्तर पर रहने वाली एक युवती से पिछले कई वर्षों से जान-पहचान थी। शनिवार को वह उसी युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान कुछ लोगों को युवक के वहां होने की जानकारी मिल गई। इसके बाद कई लोग घर में घुस आए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ उसे पीटा, बल्कि उसके गले में कुत्ते का पट्टा डालकर उसे खंभे से बांध दिया। इस पूरी घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोग मूक दर्शक बने रहे, जबकि किसी ने हस्तक्षेप करने की कोशिश नहीं की।


घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें युवक के साथ की गई बदसलूकी साफ देखी जा सकती है। पुलिस ने इन वीडियो को भी जांच में शामिल किया है। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि युवक और युवती अलग-अलग समुदायों से हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक हमले की वजह को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ाकर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसका प्राथमिक उपचार कराया गया और मेडिकल परीक्षण  भी किया गया। युवती की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।


फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।