crime

कल्याण में ‘मर्डर मिस्ट्री’ का खुलासा, बंद फ्लैट में बोरी से मिला प्रेमी का शव; एक वॉइस मैसेज ने खोला राज

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसायटी के एक बंद फ्लैट से बोरी में भरा एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को जांच के दौरान एक वॉइस मैसेज से अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Priyanka Gaikwad20 जुल. 2026, 09:56 PM IST
खबर शेयर करें:
कल्याण में ‘मर्डर मिस्ट्री’ का खुलासा, बंद फ्लैट में बोरी से मिला प्रेमी का शव; एक वॉइस मैसेज ने खोला राज
कल्याण के मलंग रोड इलाके में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। नीलकंठ सोसायटी के एक बंद फ्लैट से बोरी में भरा एक पुरुष का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मानपाड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, नीलकंठ सोसायटी के इस फ्लैट से पिछले कुछ दिनों से तेज दुर्गंध आ रही थी। फ्लैट लंबे समय से बंद होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ। इसके बाद सोसायटी के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मानपाड़ा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

फ्लैट बाहर से बंद था, जिसके बाद पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। घर की तलाशी लेने के दौरान बाथरूम में एक बोरी दिखाई दी। जब पुलिस ने बोरी की जांच की तो उसके अंदर एक पुरुष का शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने के कारण पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस के शुरुआती जांच में यह मामला हत्या का होने का संदेह जताया जा रहा है। आशंका है कि हत्या के बाद शव को छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश की गई। जांच के दौरान बाथरूम का नल खुला होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि नल खुला रखने के पीछे क्या मकसद था और क्या इससे कोई सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी।

इस पूरे मामले में एक वॉइस मैसेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ है। बताया जा रहा है कि संबंधित महिला ने फ्लैट मालिक को एक वॉइस मैसेज भेजकर बाथरूम में शव होने की जानकारी दी थी। इसके बाद फ्लैट मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और यह पूरी घटना सामने आई। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस को शक है कि इस वारदात में एक महिला और उसके पति की भूमिका हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे प्रेम संबंध, आपसी विवाद या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है।

मानपाड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मृतक की पहचान करने, हत्या की वजह पता लगाने और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।