government

कुछ सेकंड में उजड़ गया परिवार! समृद्धि एक्सप्रेसवे पर ट्रक-कार भिड़ंत में 5 की मौत

महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। विरुळ इंटरचेंज के पास एक आयशर ट्रक ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Neha Sharma20 जुल. 2026, 09:57 PM IST
खबर शेयर करें:
कुछ सेकंड में उजड़ गया परिवार! समृद्धि एक्सप्रेसवे पर ट्रक-कार भिड़ंत में 5 की मौत
महाराष्ट्र के बहुचर्चित समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। वर्धा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना पुलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत विरुळ इंटरचेंज के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक कार एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रहे एक आयशर ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

5 लोगों की मौके पर मौत
इस दुर्घटना में कार में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच और अन्य तकनीकी पहलुओं को देखा जा रहा है।

समृद्धि महामार्ग पर सुरक्षा फिर सवालों के घेरे में
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर पहले भी कई बड़े सड़क हादसे सामने आ चुके हैं। तेज रफ्तार, वाहन चालकों की लापरवाही और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी की कमी को हादसों की बड़ी वजह माना जाता है। प्रशासन लगातार वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील करता रहा है।

इस हादसे के बाद एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और वाहन चालकों की सतर्कता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।