crime

स्कूल जा रही छात्रा की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या l

बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। छात्रा अपनी साइकिल से कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय जा रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक ने उसका पीछा किया और रास्ता रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं और एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध की पहचान कर ली गई है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित कर छापेमारी की जा रही है।

Kashish Rai21 जुल. 2026, 07:08 PM IST
खबर शेयर करें:
स्कूल जा रही छात्रा की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या l

 बिहार के समस्तीपुर जिले के पूसा वैनी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया, जबकि मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।


मृतक छात्रा की पहचान सोनम कुमारी के रूप में हुई है, जो पूसा वैनी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, सोनम रोज की तरह सोमवार सुबह अपनी साइकिल से कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय जा रही थी। जब वह मंगल स्थान के पास पहुंची, तभी पल्सर बाइक पर सवार एक युवक उसका पीछा करने लगा। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद केजिया वार्ड-13 के पास आरोपी ने छात्रा की साइकिल को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया और पिस्टल निकालकर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि चार गोलियां लगने से सोनम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वारदात से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के सामने अपना आक्रोश भी जताया। इस दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और लोगों के बीच बहस और हल्की झड़प जैसी स्थिति भी बनी। बाद में पुलिस ने परिजनों को समझाकर छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। 


घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान और उसकी गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिल सके। सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतका के परिजनों से कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि व्यक्तिगत रंजिश, पीछा करने की घटना या अन्य किसी पहलू को ध्यान में रखते हुए सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।