crime
शादी से नाराज पूर्व प्रेमी बना कातिल, महिला और उसके पति की बेरहमी से हत्या l
गुजरात के राजकोट जिले में खेत में मिले दंपती के शवों के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि महिला के पूर्व प्रेमी ने अपनी नाराजगी और बदले की भावना में महिला और उसके पति की लोहे की पाइप से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी और मृतका के बीच करीब तीन वर्षों तक प्रेम संबंध थे, लेकिन महिला की शादी किसी अन्य युवक से हो जाने के बाद दोनों के बीच संबंध समाप्त हो गए थे। हत्या में इस्तेमाल पाइप की तलाश जारी है।

गुजरात के राजकोट जिले के पाटनवाव थाना क्षेत्र में खेत में मिले दंपती के शवों के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला के पूर्व प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने प्रेम संबंध टूटने और महिला की शादी किसी अन्य युवक से होने की नाराजगी में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। वारदात में आरोपी ने लोहे की पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर महिला और उसके पति की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, 13 और 14 जुलाई की रात मोटीमारड गांव के कृषि क्षेत्र में खेत मालिक की बेटी दुर्गा और उसके पति रोहित खेत पर मौजूद थे। अगले दिन सुबह दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिले। उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से कई वार किए गए थे। सूचना मिलने पर पाटनवाव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित कीं।
आसपास के करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में लोगों से पूछताछ की गई और लगभग दस किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस सुरेश बारिया तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। राजकोट ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विजयसिंह गुर्जर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में सामने आया कि सुरेश और मृतका दुर्गा के बीच करीब तीन वर्षों तक प्रेम संबंध थे। हालांकि पारिवारिक कारणों से दोनों की शादी नहीं हो सकी।
करीब डेढ़ साल पहले दुर्गा की शादी रोहित से हो गई थी, जिसके बाद उसने सुरेश से सभी संबंध खत्म कर लिए थे। इसी बात से आरोपी नाराज था और उसने बदला लेने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन दुर्गा और उसका पति खेत में दवा का छिड़काव कराने पहुंचे थे। उसी इलाके में सुरेश भी बटाईदार के रूप में खेती का काम करता था। दिन में दोनों को साथ देखने के बाद उसने रात में हत्या की साजिश रची। देर रात वह लोहे की मजबूत पाइप लेकर खेत पहुंचा और सबसे पहले रोहित के सिर पर हमला किया। इसके बाद उसने दुर्गा पर भी लगातार कई वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
अगली सुबह खेत मालिक के पहुंचने पर घटना का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मूल रूप से दाहोद जिले के सिंगवड़ तालुका के मलेकपुर गांव का रहने वाला है और पिछले चार-पांच वर्षों से उसी क्षेत्र में खेती का काम कर रहा था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल लोहे की पाइप बरामद करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और पुलिस का कहना है कि उसने यह वारदात अकेले अंजाम दी।
