education

मुंबई में नीट पेपर लीक पर भड़का छात्रों का गुस्सा, पुलिस अलर्ट, धारा 144 लागू

दिल्ली में नीट (NEET) पेपर लीक और अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को मुंबई की सड़कों पर भीषण छात्र आक्रोश देखने को मिला, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू कर दी और बिना अनुमति वाले सभी प्रदर्शनों पर रोक लगा दी।

Priyanka Gaikwad22 जुल. 2026, 05:51 PM IST
खबर शेयर करें:
मुंबई में नीट पेपर लीक पर भड़का छात्रों का गुस्सा, पुलिस अलर्ट, धारा 144 लागू
दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन की आग अब महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई तक पहुंच गई है। मंगलवार को दादर के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क, आजाद मैदान और मरीन ड्राइव पर सैकड़ों युवाओं और छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुंबई पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है और शिक्षा मंत्री समेत प्रमुख राज्य मंत्रियों के आवासों की सुरक्षा बढ़ाते हुए शहर में जमावबंदी का आदेश (धारा 144) जारी कर दिया है। यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली में 'कॉक्रोच जनता पार्टी' (CJP) और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद भड़का है। अभ्यर्थी नीट परीक्षा धांधली की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। दिल्ली में शांतिपूर्ण आंदोलन दबाने की खबर से नाराज मुंबई के छात्रों ने एकजुट होकर मुंबई के प्रमुख स्थलों पर चक्का जाम और नारेबाजी शुरू कर दी।

दादर स्थित शिवाजी पार्क में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक माहौल तब और गरमा गया जब महाराष्ट्र नवनिर्वाह सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे की पत्नी शर्मिला ठाकरे और मनसे नेता अमित ठाकरे खुद छात्रों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की धरपकड़ शुरू की, तो शर्मिला ठाकरे ने पुलिसिया कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। दूसरी ओर, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे ने भी सरकार के खिलाफ बयान जारी कर प्रदर्शनकारी छात्रों को मुफ्त कानूनी सहायता देने की घोषणा की।

स्थिति पर नियंत्रण रखते हुए मुंबई पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "शहर की कानून व्यवस्था को बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी को भी बिना पूर्व अनुमति के सड़क जाम करने या जमावबंदी आदेश का उल्लंघन करने नहीं दिया जाएगा।"वहीं, प्रदर्शन में शामिल एक नीट अभ्यर्थी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, "सालों की मेहनत के बाद जब पेपर लीक होता है, तो हमारा भविष्य अंधकार में चला जाता है। जब हम अपने हक के लिए आवाज उठाते हैं, तो हम पर लाठियां चलाई जाती हैं। हमारी मांग केवल परीक्षा प्रणाली में स्वच्छता और जवाबदेही की है।"

मुंबई पुलिस की विशेष शाखा (Special Branch) और क्राइम ब्रांच अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर सख्त निगरानी रख रही हैं ताकि अफवाहों और अनधिकृत भीड़ के जमावड़े को रोका जा सके। आजाद मैदान और शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशनों में कई अज्ञात व नामजद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ निषेधाज्ञा के उल्लंघन का मामला दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।