government

CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली हाई अलर्ट, CP की दुकानें समय से पहले बंद करने के निर्देश

जंतर-मंतर पर जारी CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियातन कनॉट प्लेस की दुकानों और प्रतिष्ठानों को शाम 6:30 बजे तक बंद करने की सलाह दी गई है। वहीं, CJP ने 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है।

Neha Sharma24 जुल. 2026, 12:33 AM IST
खबर शेयर करें:
CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली हाई अलर्ट, CP की दुकानें समय से पहले बंद करने के निर्देश
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP (Cockroach Janta Party) के प्रदर्शन के बीच राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। एहतियातन कदम उठाते हुए कनॉट प्लेस (CP) के व्यापारियों, कार्यालयों और भोजनालय को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद करने की सलाह दी गई है। यह निर्णय नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने प्रशासन और NDMC की सलाह के बाद लिया है।

प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से बचने के लिए उठाया गया है। प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है। 

इधर, CJP ने 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन ने छात्र संगठनों, सामाजिक समूहों और समर्थकों से अपने-अपने जिलों में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की है। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध और विभिन्न छात्र मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना बताया गया है। 

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और यातायात व सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।