crime

लिव-इन पार्टनर ने 7 वर्षीय मासूम की पीट-पीटकर ली जा l

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक पर अपनी महिला साथी के सात वर्षीय बेटे की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल बच्चे की मुंबई के केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या, बाल संरक्षण कानून समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को अपने रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा मानता था। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Kashish Rai24 जुल. 2026, 09:03 PM IST
खबर शेयर करें:
लिव-इन पार्टनर ने 7 वर्षीय मासूम की पीट-पीटकर ली जा l

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक पर अपनी महिला साथी के सात वर्षीय बेटे की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या करने का आरोप लगा है। मासूम कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा, लेकिन आखिरकार मुंबई के केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 24 वर्षीय विकास हुकम सिंह के रूप में हुई है। वहीं मृतक बच्चे की पहचान हसनैन उर्फ जाउद्दीन (7 वर्ष) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि बच्चे की मां 28 वर्षीय सकीना अपने पति से अलग रहने के बाद 26 जून से विकास हुकम सिंह के साथ अंबरनाथ के लाडी नाका इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी बच्चे को अपने और सकीना के रिश्ते में बाधा मानता था और इसी वजह से उसने मासूम को निशाना बनाया।


पुलिस के मुताबिक, 17 और 18 जुलाई के बीच जब सकीना काम पर गई हुई थी, उस दौरान आरोपी घर में बच्चे के साथ अकेला था। आरोप है कि इसी दौरान उसने सात वर्षीय मासूम की बेरहमी से पिटाई की। बच्चे के सीने, हाथ-पैर और निजी अंगों पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे मुंबई के सरकारी केईएम अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में कई दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चलता रहा, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।


 इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद उसकी मां सकीना ने 20 जुलाई को अंबरनाथ पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विकास हुकम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या से संबंधित धाराओं के अलावा किशोर न्याय (बच्चों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 24 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी बच्चे के साथ मारपीट या प्रताड़ना करता था। इसके लिए आसपास के लोगों, पड़ोसियों और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि आरोपी ने बच्चे को अपने रिश्ते की राह में बाधा मानते हुए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।