government

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: खुले पानी भरे गड्ढे में गिरकर 6 साल के बच्चे की मौत l

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 6 साल के अव्यान सूर्या की जान चली गई। वह खेलते समय बिना बैरिकेडिंग वाले 15 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रशासन ने मामले में ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Kashish Rai27 जुल. 2026, 04:42 PM IST
खबर शेयर करें:
ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: खुले पानी भरे गड्ढे में गिरकर 6 साल के बच्चे की मौत l

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके स्थित कलाधाम सोसायटी के पास शनिवार को एक दुखद हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 6 वर्षीय मासूम अव्यान सूर्या की खुले गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, अव्यान केंद्रीय विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य सीवान यादव का बेटा था। वह अपने दोस्तों के साथ सोसायटी के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह वहां मौजूद करीब 15 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से उसमें गिर गया। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अव्यान को गड्ढे से बाहर निकाला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


स्थानीय लोगों के अनुसार, यह गड्ढा कई दिन पहले बोरिंग के लिए खोदा गया था। बारिश के कारण इसमें पानी भर गया था, लेकिन न तो उसके चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह हादसा प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी युवराज मेहता नामक बच्चे की इसी तरह खुले गड्ढे में गिरने से मौत हो चुकी है। उस घटना के बाद प्राधिकरण ने सुरक्षा उपायों के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही सामने आई।


घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बिना बैरिकेडिंग के गड्ढा खुला छोड़ना गंभीर लापरवाही है और इसके लिए संबंधित ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की जांच कर सभी खुले गड्ढों की तत्काल बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाएगी।