education
कौशांबी में दबंगों का आतंक, युवक को पीटकर पैर पकड़वाए, वीडियो वायरल l
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में दबंगई का एक वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं और उससे जबरन माफी मंगवा रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र से दबंगई और अमानवीय व्यवहार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं और उसे अपमानित करते हुए उससे पैर पकड़वाकर माफी मंगवा रहे हैं। करीब 1 मिनट 6 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक को बार-बार उठाकर जमीन पर पटका जा रहा है। आरोपियों द्वारा उसे कई बार गिराया जाता है और फिर दबाव बनाकर उससे माफी मंगवाई जाती है। वीडियो में साफ तौर पर हिंसा और जबरन अपमान का दृश्य सामने आता है, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना करीब एक साल पुरानी बताई जा रही है, लेकिन वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला फिर चर्चा में आ गया। पीड़ित युवक रौनक तिवारी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह जुलाई 2026 में अपने साथी के साथ जमीन से जुड़े कागजात बनवाने चायल तहसील जा रहा था। रास्ते में रदगहा गांव के पास एक बगीचे में पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बिना किसी कारण के आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और जबरन पैर पकड़वाकर माफी मंगवाई।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया और पीड़ित को धमकी दी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
पीड़ित के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ उसे फिर से मिला और दोबारा धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चायल क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो पिछले साल की घटना से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा। घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग वीडियो देखकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
