government

यूपी में 15 IPS अफसरों का तबादला, तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर l

उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 15 वरिष्ठ IPS अधिकारियों का तबादला किया है। सबसे प्रमुख बदलाव में तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं अमरेंद्र के. सेंगर को DGP अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है। प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी समेत कई अहम पदों पर भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।

Kashish Rai30 जुल. 2026, 07:17 PM IST
खबर शेयर करें:
यूपी में 15 IPS अफसरों का तबादला, तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर l

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 15 वरिष्ठ IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में लखनऊ और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों के पुलिस कमिश्नर स्तर पर भी बदलाव किया गया है। तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा के पद पर तैनात थे। अब उन्हें राजधानी की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ के मौजूदा पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र के. सेंगर का भी तबादला किया गया है। उन्हें पुलिस महानिदेशक अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें सुरक्षा प्रभार का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। फेरबदल में पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं मुथा अशोक जैन को पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवाएं नियुक्त किया गया है। राम कुमार को ADG गोरखपुर जोन और नवीन अरोरा को ADG वाराणसी जोन की जिम्मेदारी दी गई है।


अन्य नियुक्तियों में भगवान एस. श्रीवास्तव को ADG तकनीकी सेवाएं और आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को सचिव गृह बनाया गया है। मोहित गुप्ता को IG भ्रष्टाचार निवारण संगठन, विनोद कुमार सिंह को IG विशेष जांच, धर्मवीर को IG PAC पूर्वी जोन और जोगेंद्र कुमार को IG PTS मुरादाबाद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अनूप कुमार सिंह को EOW में SP और आनंद कुमार को लोक शिकायत शाखा में SP नियुक्त किया गया है। यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को लेकर सरकार लगातार अधिकारियों की जिम्मेदारियों की समीक्षा कर रही है। राजधानी लखनऊ समेत प्रमुख शहरों और जोन में नए अधिकारियों की तैनाती से प्रशासनिक कामकाज और कानून-व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।