crime
बरेली व्यापारी हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा ‘जिन्न ने कहा था मार दो, इसलिए कर दी हत्या’ l
बरेली में मॉर्निंग वॉक के दौरान किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पड़ोसी बस्ती के 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मृतक से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी और उसने कथित तौर पर सनक में वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने दावा किया कि उसके कान में हत्या करने की आवाज आती थी और उसी के कहने पर उसने सियाराम की हत्या की। पुलिस ने आरोपी के पिता को भी सबूत छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

उत्तर प्रदेश के बरेली में 65 वर्षीय किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सियाराम और आरोपी के बीच किसी तरह की पुरानी रंजिश सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहा था और सूखा नशा भी करता था। उसकी दवाइयां चल रही थीं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उसने दवाएं लेना बंद कर दिया था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसकी मानसिक स्थिति और व्यवहार में परेशानी बढ़ी। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे अपने कान में किसी के बोलने जैसी आवाज सुनाई देती थी। उसके मुताबिक, आवाज उसे लोगों की हत्या करने के लिए कहती थी। सियाराम को देखने के बाद भी उसे ऐसी ही आवाज सुनाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद उसने हत्या कर दी।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी ने पहले कार से सियाराम को टक्कर मारकर सड़क पर गिराया। इसके बाद कथित तौर पर कांच के टुकड़े से उनके गले पर हमला किया और शरीर पर कई वार किए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने यह सुनिश्चित करने के लिए कई हमले किए कि सियाराम की मौत हो जाए। इस मामले की जांच में CCTV फुटेज अहम सबूत बनी। घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों में एक कार दिखाई दी थी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर कार का नंबर ट्रेस किया। जांच में सामने आया कि कार आरोपी के पिता के नाम पर पंजीकृत थी। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी के पिता को जब बेटे की वारदात के बारे में पता चला तो उन्होंने कथित तौर पर उसे छिपाकर रखा। पुलिस ने आरोपी के पिता को भी सबूत छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना शुक्रवार सुबह की है। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा के बिबियापुर कायस्थान निवासी सियाराम श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनकी पत्नी कुछ दूर चलने के बाद वापस लौट गईं, जबकि सियाराम आगे चले गए। कुछ समय बाद उनका शव सड़क किनारे मिला। शुरुआती जांच में उनके गले और सीने पर चोट के निशान मिले थे। घटना के बाद मृतक के बेटे ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि पुलिस जांच में उन पड़ोसियों की भूमिका सामने नहीं आई। इसके बाद CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया और पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि कुछ समय पहले उसे किसी ने इंजेक्शन लगाया था और करीब डेढ़ साल से उसकी दवाइयां चल रही थीं। उसने अलग-अलग तरह की आवाजें सुनाई देने और चीजों के चमकने जैसी परेशानियों का भी जिक्र किया। हालांकि, आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर अंतिम निष्कर्ष अभी चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा। पुलिस ने फिलहाल उसके दावों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं की जांच जारी रखी है।
