crime
40 लाख के बीमा के लिए पति ने ली पत्नी की जान, कार से कुचलकर बनाया हादसे का नाटक
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में 40 लाख रुपये की बीमा राशि हड़पने के लिए एक पति ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और इसे 'हिट एंड रन' हादसा दिखाने के लिए शव पर कार चढ़ा दी।
Kalpana Gautam02 अग. 2026, 09:00 PM IST

यह सनसनीखेज मामला सीधे तौर पर लालच और योजनाबद्ध अपराध का उदाहरण है, जहां केवल दो महीने पहले कराई गई 40 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी की रकम हासिल करने के लिए रिश्ते को शर्मसार कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी की चालबाजी को पकड़कर चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
हमीरपुर जिले के ललपुरा थाना क्षेत्र में राठ-हमीरपुर राज्य मार्ग पर बैठका धाम मंदिर के पास एक महिला का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ था। मृतका की पहचान रीता के रूप में हुई। वारदात को छुपाने के लिए मुख्य आरोपी अमर सिंह खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की ताकि उस पर कोई शक न करे। हालांकि, पुलिस पूछताछ के दौरान अमर सिंह बार-बार अपने बयान बदलने लगा। कड़ाई से की गई पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि रीता की पहली शादी साल 2002 में मैनपुरी में हुई थी और उस शादी से उसके चार बच्चे हैं। पहले पति के निधन के बाद उसकी पहचान मौदहा के बम्हरौली निवासी अमर सिंह से हुई और करीब दो साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। मृतका के पिता सर्वेश कुमार के अनुसार, अमर सिंह ने एक सुनियोजित साजिश के तहत महज दो महीने पहले रीता के नाम पर 40 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस कराया था और पहली किश्त के रूप में 2.60 लाख रुपये जमा किए थे।
बीमा का पैसा हड़पने के लिए अमर सिंह ने अपने तीन दोस्तों को इस खौफनाक साजिश में शामिल किया। आरोपियों ने पहले रीता की हत्या की और फिर इसे सड़क हादसा साबित करने के लिए उसके शव को हाईवे पर फेंककर उस पर कार चला दी, ताकि पुलिस और बीमा कंपनी इसे दुर्घटना मान लें।
मामले का खुलासा करते हुए हमीरपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया, "40 लाख रुपये के बीमा क्लेम के लालच में यह पूर्व नियोजित हत्या की गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपी के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी पति अमर सिंह और उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।"
