crime
मुंबई में बेटिंग ऐप का पर्दाफाश करने वाले क्रिएटर का अपहरण, चलती कार में पीटा, 4 इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार
मुंबई के पवई इलाके में गैरकानूनी चीनी बेटिंग ऐप्स का विरोध करने वाले 28 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर का अपहरण कर चलती कार में अमानुष तरीके से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पवई पुलिस ने मामला दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मुख्य साजिशकर्ता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Kalpana Gautam05 अग. 2026, 04:45 PM IST

मुंबई के पवई इलाके में गैरकानूनी चीनी बेटिंग ऐप्स का विरोध करने वाले 28 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर का अपहरण कर चलती कार में अमानुष तरीके से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पवई पुलिस ने मामला दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मुख्य साजिशकर्ता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर अवैध बेटिंग ऐप्स का प्रमोशन करने वाले इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ 'काउंटर रील्स' और रोस्ट वीडियो बनाकर जनता को जागरूक करना एक क्रिएटर के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। यह घटना सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के बीच बढ़ती रंजिश और अवैध सट्टेबाजी ऐप्स के काले नेटवर्क के हिंसक रूप को उजागर करती है।
पीड़ित क्रिएटर की पहचान विक्रोली निवासी 28 वर्षीय चेतन देवलेकर के रूप में हुई है, जो इंस्टाग्राम पर @relatewithchetyal नाम से अकाउंट चलाते हैं। चेतन पिछले आठ महीनों से उन इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ वीडियो बना रहे थे जो अवैध बेटिंग ऐप्स का प्रचार कर लोगों को गुमराह करते हैं। इस दौरान उन्होंने आरोपी प्रतीक शिंदे द्वारा प्रमोट किए जा रहे बेटिंग ऐप का विरोध करते हुए रोस्ट वीडियो बनाए थे। पुलिस जांच के अनुसार, 26 जुलाई को आरोपी यश बाबरे ने चेतन को बातचीत के बहाने पवई के पंचकुटीर इलाके में बुलाया। वहां से उन्हें जबरन स्कॉर्पियो कार में बिठाकर अपहरण कर लिया गया। कार में आरोपी समीर कुचेकर उर्फ एस.के., अनिकेत गोडसे और प्रतीक शिंदे भी मौजूद थे। आरोपियों ने चेतन के गले पर पैर रखकर और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। चलती गाड़ी में करीब 12 घंटे तक लाठी-डंडों और हाथों से उनकी पिटाई की गई और मारपीट का वीडियो भी शूट किया गया। देर रात आरोपियों ने उन्हें नवी मुंबई के कलंबोली इलाके में छोड़ दिया।
इलाज कराने के बाद चेतन ने 2 अगस्त को पवई पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पहले विक्रोली से यश बाबरे को पकड़ा और उसकी पूछताछ के आधार पर पुणे के इंदापुर और भिगवन इलाके से मुख्य आरोपी प्रतीक शिंदे, अनिकेत गोडसे और समीर कुचेकर को गिरफ्तार किया। पीड़ित चेतन देवलेकर ने एफआईआर में बताया, "मुझसे सवाल पूछा गया कि तुम हमारे बेटिंग ऐप के खिलाफ वीडियो क्यों बनाते हो? यदि तुम्हें ऐप का प्रचार करना है तो करो, लेकिन हमारे खिलाफ क्यों बनाते हो?" चेतन ने आगे बताया कि पांच-छह महीने पहले उन्हें इंस्टाग्राम पर रोस्ट वीडियो न बनाने की धमकी भी मिली थी, लेकिन अवैध ऐप्स से लोगों को बचाने के लिए उन्होंने वीडियो बनाना जारी रखा।
मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए पवई पुलिस अधिकारी ने कहा, "शिकायतकर्ता के डर और इलाज के बाद आने पर उसका बयान दर्ज किया गया और त्वरित एफआईआर दर्ज की गई। डीसीपी (जोन 10) दत्ता नलावडे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आत्माजी सावंत, निरीक्षक सुशांत बडगुजर और संदीप चव्हाण की टीम ने 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।" पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल तीन अन्य अज्ञात संदिग्धों और अवैध बेटिंग ऐप नेटवर्क की आगे जांच की जा रही है।
