government

ठाणे पुलिस की अनोखी पहल, दो दिन में 704 शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान l

ठाणे पुलिस आयुक्तालय ने 100 दिन की कार्ययोजना के तहत 25 और 26 जुलाई 2026 को विशेष 'शिकायत निवारण दिवस' का आयोजन किया। इस दौरान कुल 1,037 शिकायतकर्ताओं को बुलाया गया, जिनमें से 704 लोग उपस्थित होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए 638 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस पहल से नागरिकों को त्वरित राहत मिली और उन्होंने ठाणे पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

Kashish Rai05 अग. 2026, 04:49 PM IST
खबर शेयर करें:
ठाणे पुलिस की अनोखी पहल, दो दिन में 704 शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान l

जनता की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ठाणे पुलिस आयुक्तालय ने 100 दिन की कार्ययोजना के तहत 25 और 26 जुलाई 2026 को विशेष 'शिकायत निवारण दिवस' का आयोजन किया। दो दिवसीय इस विशेष अभियान के दौरान नागरिकों की लंबित शिकायतों की सुनवाई कर उनका जल्द से जल्द निस्तारण करने पर विशेष ध्यान दिया गया। इस अभियान के तहत कुल 1,037 शिकायतकर्ताओं को पुलिस आयुक्तालय में बुलाया गया था। इनमें से 704 शिकायतकर्ता स्वयं उपस्थित होकर अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष लेकर पहुंचे। इस दौरान ठाणे पुलिस आयुक्तालय के सभी सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, पुलिस निरीक्षक तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।


शिकायत निवारण दिवस के दौरान 638 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को तत्काल राहत प्रदान की गई। वहीं जिन मामलों में अतिरिक्त जांच या अन्य विभागों की प्रक्रिया आवश्यक थी, उनके लिए संबंधित शिकायतकर्ताओं को बुलाकर शीघ्र समाधान की कार्ययोजना तैयार की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करना भी था। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और इस पहल को जनहित में उठाया गया प्रभावी कदम बताया। कई लोगों ने मौके पर ही अपनी समस्याओं का समाधान मिलने पर ठाणे शहर पुलिस का आभार भी व्यक्त किया।


ठाणे पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के शिकायत निवारण अभियान नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए ऐसे अभियानों का लाभ उठाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।