politics

2009 लोकसभा चुनाव से जुड़े वीडियो मामले में उद्धव ठाकरे (Uddhav Thakre) का कोर्ट में बयान दर्ज, आज एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की होगी पेशी

साल 2009 के कल्याण लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो दिखाए जाने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कल्याण की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया गया है। अब गुरुवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बयान दर्ज किया जाएगा।

sd06 अग. 2026, 06:57 PM IST
खबर शेयर करें:
वर्ष 2009 के कल्याण लोकसभा चुनाव के दौरान चुनावी सभा में कथित रूप से एक वीडियो दिखाए जाने से जुड़े मामले में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कल्याण की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए अपना बयान दर्ज कराया।
यह मामला उस समय का है जब कल्याण लोकसभा सीट पर शिवसेना के उम्मीदवार आनंद परांजपे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (तत्कालीन) के उम्मीदवार वसंत डावखरे (Vasant Davkhare)के बीच मुकाबला हुआ था। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान आयोजित एक सभा में वसंत डावखरे से संबंधित एक वीडियो प्रदर्शित किया गया, जिसे लेकर डावखरे ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
इस मामले में उद्धव ठाकरे, वर्तमान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, (Eknath Shinde)तत्कालीन शिवसेना उम्मीदवार आनंद परांजपे Anand paranjpe)और सभा के आयोजक रमाकांत देवळेकर(Ramakant Devlekar) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की सुनवाई सिविल न्यायिक मजिस्ट्रेट संतोष आगे की अदालत में चल रही है।
बुधवार को अदालत ने दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 313 के तहत उद्धव ठाकरे का बयान दर्ज किया। इस दौरान अदालत ने उनसे लगभग 30 से 35 प्रश्न पूछे। चूंकि ये प्रश्न मुकदमे में पेश किए गए साक्ष्यों से जुड़े थे, इसलिए अधिवक्ताओं ने उनकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने से इनकार किया।
आनंद परांजपे के अधिवक्ता के अनुसार, उद्धव ठाकरे ने अपने बयान में कहा कि उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया गया है और आरोपों से जुड़ी कई बातों की उन्हें जानकारी नहीं है।
अब इस मामले में गुरुवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दर्ज किया जाएगा। वहीं आनंद परांजपे और सभा आयोजक रमाकांत देवळेकर अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखेंगे। सूत्रों के अनुसार, रमाकांत देवळेकर ने भी इस मामले को लेकर कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं, जिन पर अदालत में सुनवाई के दौरान चर्चा हो सकती है।