crime
पालघर में युवती से गैंगरेप का आरोप, एक गिरफ्तार और तीन हिरासत में0
पालघर के तलासरी इलाके में 19 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, युवती अपने पुरुष मित्र के साथ गुजरात के उमरगांव से लौट रही थी, तभी उनकी बाइक फिसल गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ युवकों ने युवती को जबरन सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Khushi12 अग. 2026, 08:32 PM IST

पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले की तलासरी तहसील में 9 अगस्त की रात बाइक दुर्घटना के बाद मदद के बहाने 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर छह युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात में तलासरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामांकित आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
विश्व आदिवासी दिवस के दिन घटी इस जघन्य वारदात ने तलासरी और आसपास के इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना से पूरे पालघर जिले में भारी जनआक्रोश फैल गया है, जिसके चलते जिला पुलिस प्रशासन पर आरोपियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कानूनी कार्रवाई करने का भारी दबाव है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 9 अगस्त को अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर गुजरात घूमने गई थी। रात लगभग 10 बजे लौटते समय तलासरी थाना क्षेत्र के काजली गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दुर्घटना के तुरंत बाद वहां दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक पहुंचे और मदद करने का नाटक करने लगे।
मदद के बहाने आरोपियों ने स्थिति का फायदा उठाया और पीड़िता को जबरन बाइक पर बैठाकर काजली स्थित सार्वजनिक निर्माण विभाग के विश्राम गृह (डाक बंगला) के सुनसान परिसर में ले गए। वहां आरोपियों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफलता पाई और हाईवे पर आकर रोते हुए मदद मांगी, जिसके बाद स्थानीय युवाओं की सतर्कता से डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचना दी गई।
तलासरी पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक अजय गोरड के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने शिकायत में छह लोगों के नाम दिए हैं, जिनमें से प्राथमिक जांच में पांच लोगों की सीधी संलिप्तता पाई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने खुद तलासरी पुलिस स्टेशन और घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने कहा कि घटना की जांच के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और शेष तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
