स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। संभावित आतंकी खतरों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही सुरक्षा के लिहाज से शहर के प्रमुख स्थानों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादियों के पोस्टर लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से लगाए गए पोस्टरों में अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े संदिग्धों की तस्वीरें और उनकी पहचान से संबंधित जानकारी दी गई है। इनमें इंडियन मुजाहिदीन, अल-कायदा और विभिन्न खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े नाम शामिल हैं। इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों की सूची में रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम शामिल हैं। वहीं अल-कायदा से जुड़े संदिग्धों में मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान और सैयद मोहम्मद अर्शियान के नाम पोस्टरों में बताए गए हैं।
खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े कई वांछित नाम भी पुलिस की सूची में शामिल हैं। इनमें खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़े रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा, खालिस्तान टाइगर फोर्स से जुड़े अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा जैसे नाम शामिल हैं। पुलिस ने यह कदम खासतौर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सुरक्षा को मजबूत करने और आम लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से उठाया है। दिल्ली में 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सामान्य दिनों की तुलना में काफी कड़ी रहती है।
राजधानी में बड़ी संख्या में लोग सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और अन्य प्रमुख इलाकों में मौजूद रहते हैं। ऐसे में पुलिस किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही है। मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाने का एक उद्देश्य आम नागरिकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में भागीदार बनाना है। पुलिस चाहती है कि यदि किसी व्यक्ति को पोस्टर में दिख रहे किसी संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी मिलती है या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो वह तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे।
दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर संपर्क करें। इसके अलावा पोस्टरों में विशेष प्रकोष्ठ के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सही और उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जानकारी देने वाले को उचित इनाम दिए जाने की बात भी पुलिस की ओर से कही गई है। फिलहाल स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा जांच, निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बढ़ाई जा रही है। पुलिस की कोशिश है कि किसी भी संभावित आतंकी खतरे या संदिग्ध गतिविधि को समय रहते पहचाना जा सके और राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह सुरक्षित माहौल में आयोजित हो।