crime
फतेहपुर में महिला टीचर की संदिग्ध मौत, पति समेत 3 पर हत्या का आरोप l
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में 29 वर्षीय महिला टीचर शालिनी यादव का शव घर के बाथरूम में पानी से भरे टब में मिला। शालिनी ने करीब 9 साल पहले दिलीप यादव से प्रेम विवाह किया था। उसके सिर और पैर पर चोट के निशान मिले हैं। मायके वालों ने पति और उसके दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में करीब 9 साल पहले हुए प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले में शनिवार सुबह 29 वर्षीय महिला टीचर शालिनी यादव का शव उसके घर के बाथरूम में पानी से भरे टब में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शालिनी एक निजी स्कूल में अध्यापिका थीं, जबकि उनके पति दिलीप यादव बहुआ ब्लॉक के चक अल्लीपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। दोनों ने करीब 9 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दंपति का एक सात वर्षीय बेटा भी है। पुलिस के मुताबिक, शालिनी के शरीर पर सिर और पैर में चोट के निशान मिले हैं। इन्हीं चोटों के चलते मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने मृतका के पति दिलीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
मृतका की मां फूलमती ने आरोप लगाया कि शालिनी और दिलीप के बीच कॉलेज के समय से ही प्रेम संबंध था। जब परिवार ने शालिनी की शादी कहीं और तय करने की कोशिश की, तब उसने अपने पिता धर्मराज को दिलीप के साथ रिश्ते के बारे में बताया। इसके बाद परिवार ने दोनों की पसंद को स्वीकार कर लिया और 3 दिसंबर 2017 को जयराम नगर के एक गेस्ट हाउस में दोनों की शादी कराई गई थी।
परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से शालिनी और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था और वह परेशान रहती थी। मां फूलमती ने दावा किया कि दिलीप ने अपने दो भाइयों भूपेंद्र और संदीप के साथ मिलकर धारदार हथियार से शालिनी की हत्या की।
शालिनी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति दिलीप यादव और उसके दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस अभी हत्या के आरोपों की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शालिनी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और बाथरूम में उसका शव पानी से भरे टब में कैसे पहुंचा।
