general

मुंबई के नेवी नगर में नौसेना जवान समेत पूरे परिवार की संदिग्ध मौत से हड़कंप

मुंबई के दक्षिण इलाके में स्थित हाई-सिक्योरिटी वाले नेवी नगर से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। स्वतंत्रता दिवस के दिन 15 अगस्त को भारतीय नौसेना के एक जवान, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों का शव उनके सरकारी आवास के भीतर बरामद किया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस और नौसेना प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

Khushi19 अग. 2026, 10:01 AM IST
खबर शेयर करें:
मुंबई के नेवी नगर में नौसेना जवान समेत पूरे परिवार की संदिग्ध मौत से हड़कंप
मुंबई : यह पूरी घटना कोलाबा के नेवी नगर रिहायशी इलाके की है। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नौसेना नाविक पूरनमल शंभूलाल मेहरा, उनकी 28 वर्षीय पत्नी ओमा, 3 वर्षीय बेटे यश और 2 महीने के शिशु के रूप में हुई है। कई बार फोन करने के बाद भी जब घर के भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब पड़ोसियों और नौसेना सुरक्षा कर्मियों ने अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद दरवाजे को खोलकर शवों को बाहर निकाला गया।  

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक यह हत्या के बाद आत्महत्या (मर्डर-सुसाइड) का मामला प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल का मुआयना करने पर नाविक पूरनमल का शव फांसी से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे कमरे में पड़े मिले। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि नाविक ने परिवार को जहर देने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।  

इस संबंध में दक्षिण मुंबई के पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया ने बताया कि कफ परेड पुलिस स्टेशन ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी पड़ोसियों, सहकर्मियों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि जवान किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद से तो नहीं गुजर रहा था। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेज दिया गया है।  

भारतीय नौसेना ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि 15 अगस्त को नेवी नगर, कोलाबा में नौसेना के जवान और उनके परिवार की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हुई है। नागरिक पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है और भारतीय नौसेना जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है।