crime
पति को नशीली दवा देकर जिंदा दफनाने की कोशिश, पत्नी गिरफ्तार l
महाराष्ट्र के बारामती में एक महिला पर अपने पति को नशीली दवा देकर बेहोश करने, मारपीट करने और घर की बालकनी में बने गड्ढे में जिंदा दफनाने की कोशिश का आरोप है। मजदूरों को शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पति की जान बचाई। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस हत्या की कोशिश के पीछे की वजह समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

महाराष्ट्र के बारामती से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने पति को कथित तौर पर नशीली दवा देकर बेहोश करने, उसके साथ मारपीट करने और फिर घर की बालकनी में बने गड्ढे में जिंदा दफनाने की कोशिश करने का आरोप है। हालांकि, आरोपी महिला अपनी कथित योजना को पूरा कर पाती, उससे पहले ही मजदूरों को उसकी हरकत पर शक हो गया। मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अर्ध-बेहोशी की हालत में पड़े पति को बाहर निकाला। इस तरह समय रहते उसकी जान बच गई। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पति को पहले नशीली दवा देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, बारामती शहर के जामदार रोड स्थित इंद्रप्रस्थ सोसाइटी के फ्लैट नंबर 9 में प्रवीण प्रकाश जगताप अपनी पत्नी शर्मिला प्रवीण जगताप (38) के साथ रहते हैं। आरोप है कि शर्मिला ने कथित तौर पर अपने पति प्रवीण को नशीली दवा दी। इसके बाद वह अर्ध-बेहोशी की हालत में चले गए। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी महिला ने कथित तौर पर बेल्ट और अन्य सामान से पति के साथ मारपीट की। इसके बाद प्रवीण को घर की गैलरी में बनाए गए एक चौकोर ढांचे जैसे गड्ढे में लिटा दिया गया।
बालकनी में बना था गड्ढा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने कथित तौर पर प्रवीण को गड्ढे में रखने के बाद उसे ऊपर से बंद करने की तैयारी की थी। इसके लिए लगाने की तैयारी की जा रही थी। आरोप है कि महिला की योजना प्रवीण को उसी गड्ढे में दफन करने की थी।जिस समय यह सब हो रहा था, उस वक्त प्रवीण की मां यानी आरोपी महिला की सास भी घर में मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर उन्हें भी नींद की गोलियां दी थीं। इसके लिए कडप्पा पत्थर की फरशी लगाने की तैयारी की जा रही थी। आरोप है कि महिला की योजना प्रवीण को उसी गड्ढे में दफन करने की थी। जिस समय यह सब हो रहा था, उस वक्त प्रवीण की मां यानी आरोपी महिला की सास भी घर में मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर उन्हें भी नींद की गोलियां दी थीं।
मजदूरों को हुआ शक और बची जान
गैलरी में बने गड्ढे को बंद करने और ऊपर मार्बल फर्श लगाने के लिए मजदूरों को बुलाया गया था। मजदूरों को महिला की गतिविधियों पर शक हुआ। उन्हें स्थिति सामान्य नहीं लगी और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बारामती सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रवीण जगताप को बचाया गया। अगर मजदूरों को समय रहते शक नहीं होता और पुलिस को सूचना नहीं मिलती, तो मामला और भी गंभीर हो सकता था।
पिता की शिकायत पर मामला दर्ज
इस मामले में प्रवीण के पिता प्रकाश जगताप की शिकायत के आधार पर बारामती सिटी पुलिस स्टेशन में आरोपी शर्मिला जगताप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बारामती के डीवाईएसपी चैतन्य कदम के मुताबिक, मामले में BNS की धारा 109(1) और 118(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। अब पुलिस हिरासत में उससे पूछताछ की जाएगी।
पति की हत्या की कोशिश के पीछे क्या वजह?
इस मामले का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक पत्नी ने कथित तौर पर अपने पति को जिंदा दफन करने जैसी खौफनाक कोशिश क्यों की?
पुलिस अब इस मामले के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। जांच में कई पहलुओं को शामिल किया गया है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि—
- क्या पति की हत्या की पहले से योजना बनाई गई थी?
- हत्या की कोशिश के पीछे घरेलू विवाद या कोई अन्य कारण था?
- क्या इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था?
- क्या आरोपी महिला ने अकेले ही पूरी योजना तैयार की थी?
इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की जांच और आरोपी से पूछताछ के बाद सामने आ सकते हैं।
जादू-टोने के एंगल की भी चर्चा
मामले में जादू-टोने के एंगल की भी चर्चा सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के घर से मिले एक कैलेंडर पर कुछ तारीखों के सामने 'No Result' जैसी टिप्पणियां लिखी हुई मिली हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक जादू-टोने के एंगल की पुष्टि नहीं की है। डीवाईएसपी चैतन्य कदम के मुताबिक, आरोपी महिला से पुलिस कस्टडी के दौरान पूछताछ की जाएगी और इस पहलू समेत सभी संभावित कारणों की जांच की जाएगी।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। पति की जान समय रहते बच गई, लेकिन घटना ने परिवार और आसपास के लोगों को हैरान कर दिया है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस कथित हत्या की कोशिश के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाना है। क्या यह अचानक हुआ विवाद था या पहले से बनाई गई योजना? क्या इसमें कोई और व्यक्ति शामिल था? और आखिर पति को जिंदा दफन करने की कथित कोशिश क्यों की गई? इन सवालों के जवाब आरोपी से पूछताछ और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
