crime

गाजियाबाद में 2 साल के बच्चे को कार ने कुचला, हालत नाजुक l

गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र के रामप्रस्थ बी-ब्लॉक में रविवार दोपहर घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय बच्चे को एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्चा कार के टायर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसे PICU में रखा गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Kashish Rai21 अग. 2026, 09:59 AM IST
खबर शेयर करें:
गाजियाबाद में 2 साल के बच्चे को कार ने कुचला, हालत नाजुक l

गाजियाबाद के रामप्रस्थ बी-ब्लॉक में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर गली में खेल रहे दो वर्षीय बच्चे को एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्चा कार के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।परिजनों ने बच्चे को तत्काल दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे PICU में रखा है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

हादसे की पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार गली से गुजरते हुए बच्चे की तरफ बढ़ती है और उसे टक्कर लग जाती है। इसके बाद बच्चा कार के टायर के नीचे आ जाता है। कार का टायर बच्चे के ऊपर से निकलने के बाद चालक वाहन रोकता है और कार से नीचे उतरता दिखाई देता है। इसी दौरान बच्चे की मां दौड़कर मौके पर पहुंचती है और घायल बच्चे को गोद में उठाकर वहां से चली जाती है। CCTV फुटेज में कार चालक को बाद में अपनी कार पीछे करते हुए भी देखा गया।

कार नंबर से चालक की पहचान

हादसे के बाद बच्चे के परिजनों ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कार का नंबर सामने आने के बाद बच्चे के पिता पवन सारस्वत ने लिंक रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। CCTV फुटेज और कार नंबर के आधार पर चालक की पहचान रामप्रस्थ निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस कर रही चालक की तलाश

पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अनिल कुमार किराए पर कमरा तलाशने के लिए निकला था। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी जानकारी जुटा रही है। साथ ही चालक की भूमिका और हादसे के बाद उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है और परिवार उसकी हालत को लेकर चिंतित है।