crime

अंबरनाथ में दहेज प्रताड़ना का आरोप, पति समेत 4 पर केस l

अंबरनाथ में एक 21 वर्षीय महिला ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद उससे 1 लाख रुपये और घरेलू सामान की मांग की गई। महिला ने पति, सास, ससुर और ननद पर मारपीट, गाली-गलौज और उसके गहने व पैसे अपने पास रखने का आरोप लगाया है।

Kashish Rai21 अग. 2026, 09:59 AM IST
खबर शेयर करें:
अंबरनाथ में दहेज प्रताड़ना का आरोप, पति समेत 4 पर केस l

अंबरनाथ पश्चिम पुलिस थाने में 21 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसे दहेज को लेकर ताने दिए जाने लगे और बाद में उससे अतिरिक्त पैसे व घरेलू सामान की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक, महिला की शादी 20 अप्रैल 2025 को रविशंकर अखिलेश तिवारी से हुई थी। शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी। महिला का कहना है कि शादी के समय उसके परिवार ने करीब 5 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें सोने के आभूषण, शादी का खर्च और अन्य सामान शामिल था।

शादी के बाद शुरू हुई प्रताड़ना

महिला के अनुसार, शादी के कुछ दिनों बाद ही सास कथित तौर पर दहेज को लेकर उसे ताने देने लगी। शिकायत में आरोप है कि 5 मई 2025 को पति शराब पीकर घर आया और सास द्वारा भड़काए जाने के बाद पति और सास ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। महिला का आरोप है कि इसके बाद पति द्वारा उसके साथ बार-बार मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता रहा। शिकायत के अनुसार, सास कथित तौर पर उससे मायके से 1 लाख रुपये और घर का पूरा सामान लाने की मांग करती थी।

गहने और 20 हजार रुपये लेने का आरोप

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने उसके सोने-चांदी के कई आभूषण अपने पास रख लिए। महिला के अनुसार, सुरक्षा के नाम पर पहले सास ने कुछ गहने अपने पास रखे और बाद में मायके से मिले अन्य आभूषण भी मांगे गए। महिला का आरोप है कि गहने देने से इनकार करने पर पति, सास और ननद ने उसके साथ मारपीट की और उसके सभी आभूषण तथा मायके से खर्च के लिए दिए गए 20 हजार रुपये अपने पास रख लिए।

घर से बाहर निकालने का भी आरोप

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्थित ससुराल में पति, सास और ननद ने उसके साथ मारपीट की और रात में उसे घर से बाहर निकाल दिया। उसका सामान भी बाहर फेंक दिया गया और ननद ने कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया। महिला का कहना है कि जौनपुर में उसका कोई करीबी रिश्तेदार नहीं होने के कारण वह रात में घर के बाहर रहने को मजबूर हुई। इसके बाद उसके जेठ उसे रामपुर ले गए। अगले दिन पति, सास और ननद वहां भी पहुंचे और कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

पति समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत

महिला ने अपनी शिकायत में पति रविशंकर अखिलेश तिवारी, सास शिला अखिलेश तिवारी, ससुर अखिलेश तिवारी और ननद अनिता पांडे को आरोपी बनाया है।

शिकायत के अनुसार, महिला ने 20 अप्रैल 2025 से 7 जुलाई 2025 के बीच लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि दहेज की मांग को लेकर उसका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ और उसके स्त्रीधन के आभूषण भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।