मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले अपने कर्मचारियों को सम्मानित किया है। 11 अगस्त 2026 को आयोजित समारोह में मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने मुंबई मंडल के 11 कर्मचारियों को विशेष सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए। इन कर्मचारियों ने 6 जुलाई को करजत-लोनावला घाट सेक्शन में कई स्थानों पर हुए भूस्खलन की समय पर जानकारी संबंधित अधिकारियों और कंट्रोल कार्यालयों को दी थी। 5 जुलाई को क्षेत्र में 327 मिलीमीटर, जबकि 6 जुलाई को 600 से 670 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई थी। भारी बारिश के कारण लोनावला-करजत रेलखंड पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ और अप, डाउन तथा मिडिल लाइन के ट्रैक प्रभावित हुए। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल स्थिति की जानकारी अधिकारियों को दी। इससे प्रभावित रेलखंड में ट्रेनों की आवाजाही को समय रहते रोकने और जरूरी सुरक्षा कदम उठाने में मदद मिली। इसके बाद इन्हीं कर्मचारियों ने रेलवे ट्रैक और घाट सेक्शन की बहाली के काम में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे नियमित ट्रेन सेवाओं को दोबारा शुरू करने में मदद मिली। उनके इसी साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें विशेष सुरक्षा पुरस्कार दिया गया।
इन 11 कर्मचारियों को मिला सम्मान
-
देवनंदन यादव – जूनियर इंजीनियर, परमानेंट वे, लोनावला, मुंबई मंडल
-
संदीप कुमार राय – ट्रैक मेंटेनर, परमानेंट वे, लोनावला, मुंबई मंडल
-
स्वप्निल विजय निमगड़े – ट्रैक मेंटेनर, परमानेंट वे, लोनावला, मुंबई मंडल
-
अंकित कुमार – ट्रैक मेंटेनर, परमानेंट वे, लोनावला, मुंबई मंडल
-
नितीश कुमार – जूनियर इंजीनियर, इंजीनियरिंग, लोनावला, मुंबई मंडल
-
अमोल साठे – ट्रैकमैन, इंजीनियरिंग, लोनावला, मुंबई मंडल
-
प्रदीप गणेश वाकले – ट्रैकमैन, इंजीनियरिंग, लोनावला, मुंबई मंडल
-
अमित कुमार – ट्रैकमैन, इंजीनियरिंग, लोनावला, मुंबई मंडल
-
साकेत कुमार मिश्रा – ट्रैक मेंटेनर, इंजीनियरिंग, लोनावला, मुंबई मंडल
-
कुंदन कुमार – ट्रैक मेंटेनर, इंजीनियरिंग, लोनावला, मुंबई मंडल
-
संतोष साहनी – पेट्रोलमैन, इंजीनियरिंग, लोनावला, मुंबई मंडल
इन कर्मचारियों को पुरस्कार के रूप में मेडल, प्रशस्ति प्रमाणपत्र, उत्कृष्ट सुरक्षा कार्य का प्रशंसा-पत्र और नकद पुरस्कार दिया गया। मध्य रेलवे के अनुसार, इन कर्मचारियों की समय पर दी गई सूचना ने संभावित दुर्घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भूस्खलन से प्रभावित ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोककर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इसके बाद बहाली टीम के साथ मिलकर कर्मचारियों ने रेलखंड को जल्द से जल्द सामान्य करने का काम किया।
12 अन्य कर्मचारियों को भी सुरक्षा पुरस्कार
समारोह में महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने अगस्त 2026 के लिए 12 अन्य कर्मचारियों को भी सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए। इन कर्मचारियों को सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए उनकी सतर्कता, कर्तव्य के प्रति समर्पण और समय पर कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक ने सभी पुरस्कार प्राप्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनकी सजगता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की तत्परता रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी, प्रधान मुख्य अभियंता राजनेश माथुर, प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी चंद्र किशोर प्रसाद सहित मध्य रेलवे के अन्य प्रधान विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।