law-order
नाशिक में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंचवटी के घर से 100 ग्राम MD जब्त, ₹3 लाख का ड्रग्स बरामद; संदिग्ध फरार
महाराष्ट्र के नाशिक में पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स दस्ते ने पंचवटी इलाके में कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम मेफेड्रोन (MD) जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है। छापेमारी के दौरान संदिग्ध मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
Kalpana Gautam03 सित. 2026, 08:54 PM IST

नाशिक: महाराष्ट्र के नाशिक में पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स दस्ते ने पंचवटी इलाके में कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम मेफेड्रोन (MD) जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है। छापेमारी के दौरान संदिग्ध मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, एंटी-नारकोटिक्स टीम को सूचना मिली थी कि पंचवटी के वाघाड़ी इलाके में स्थित वाल्मीकि नगर, सैलानी बाबा चौक के पास एक घर में बिक्री के उद्देश्य से नशीला पदार्थ रखा गया है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रामदास शेळके के नेतृत्व में टीम ने 1 सितंबर की दोपहर करीब 2:40 बजे से शाम 6:15 बजे तक घर की तलाशी ली।
100 ग्राम मेफेड्रोन बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को हल्के भूरे रंग का क्रिस्टल जैसा पदार्थ मिला। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने इसकी प्राथमिक जांच की। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर पदार्थ की मात्रा 100 ग्राम निकली और प्रारंभिक जांच में इसे मेफेड्रोन (MD) बताया गया। पुलिस ने इसकी बाजार कीमत लगभग ₹3 लाख आंकी है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की भनक लगते ही संदिग्ध रवी राजू भालेराव वहां से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ पंचवटी पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जप्त MD और पैकिंग के लिए इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की थैलियों को नियमानुसार सील किया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कथित तौर पर नशीले पदार्थ की आपूर्ति कहां से करता था।
जलगांव में भी ₹11.17 लाख के नशीले पदार्थ जब्त
इसी बीच, जलगांव में स्थानीय अपराध शाखा (LCB) और MIDC पुलिस ने 31 अगस्त की रात कार्रवाई करते हुए कुल ₹11.17 लाख का नशीला पदार्थ और अन्य सामान जब्त किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 1 किलो 963 ग्राम इफेड्रिन और 2 किलो 114 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में 55 वर्षीय नूर मोहम्मद अब्दुल सलाम पटेल, निवासी रामनगर, मेहरूण, को पकड़ा। बताया गया कि पुलिस ने MIDC इलाके में नारियलवाला बाबा दरगाह के सामने उसे काले रंग की मोपेड के साथ रोका। तलाशी के दौरान मोपेड की डिक्की से इफेड्रिन और गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त इफेड्रिन की कीमत करीब ₹9.81 लाख और गांजे की कीमत करीब ₹1.06 लाख थी। मोपेड की कीमत जोड़कर कुल जब्ती ₹11,17,200 बताई गई है। मामले में MIDC पुलिस थाने में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
