technology
बच्चों को टीचर की जरूरत, AI की नहीं! न्यूयॉर्क सिटी के सरकारी स्कूलों में AI बैन
न्यूयॉर्क सिटी के सरकारी स्कूलों में 2-K से 8वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए जनरेटिव AI के इस्तेमाल पर एक साल की रोक लगा दी गई है। मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि बच्चों के सीखने और विकास के लिए शिक्षक, मानवीय जुड़ाव और खुद समस्याओं को हल करने का अनुभव जरूरी है। यह नीति करीब 6 लाख छात्रों को प्रभावित करेगी।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच न्यूयॉर्क सिटी ने स्कूलों में इसके इस्तेमाल को लेकर बड़ा फैसला लिया है। शहर के सरकारी स्कूलों में 2-K से 8वीं कक्षा तक पढ़ने वाले छात्रों के लिए जनरेटिव AI के इस्तेमाल पर एक साल की रोक लगा दी गई है। यह नीति 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए लागू की गई है और करीब 6 लाख छात्रों पर इसका असर पड़ेगा। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने इस फैसले के पीछे बच्चों की पढ़ाई में मानवीय जुड़ाव और स्वतंत्र सोच को प्रमुख वजह बताया। उनका कहना है कि बच्चों को सीखने और आगे बढ़ने के लिए टीचर के साथ संवाद, साथियों के साथ मिलकर सीखने और मुश्किल सवालों को खुद हल करने का मौका मिलना चाहिए।
8वीं तक AI इस्तेमाल पर रोक
नई नीति के तहत 2-K से 8वीं कक्षा तक छात्रों के सामने इस्तेमाल होने वाले जनरेटिव AI टूल्स पर एक साल की रोक रहेगी। इसके अलावा AI आधारित companion chatbots पर सभी कक्षाओं में प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि इस अवधि में यह आकलन किया जाएगा कि AI का बच्चों की पढ़ाई और विकास पर वास्तविक प्रभाव क्या है।
करीब 40 AI टूल्स पर भी कार्रवाई
स्कूलों में पहले से इस्तेमाल हो रहे 38 से ज्यादा शैक्षणिक प्रोग्राम के AI फीचर को बंद किया जाएगा या इनका इस्तेमाल समाप्त किया जाएगा। प्रशासन के मुताबिक, जिन टूल्स में AI को अलग से बंद किया जा सकता है, वहां AI फीचर निष्क्रिय किया जाएगा। जो टूल नए सुरक्षा और निगरानी मानकों पर खरे नहीं उतरते, उन्हें स्कूलों से हटाया जाएगा।
हाई स्कूल में सीमित इस्तेमाल की अनुमति
यह रोक हाई स्कूल के छात्रों पर उसी तरह लागू नहीं होगी। हाई स्कूल में कुछ चुनिंदा और जांचे-परखे AI प्रोग्राम को शिक्षक की सीधी निगरानी में पायलट आधार पर इस्तेमाल किया जाएगा। छात्रों को AI की खूबियों के साथ उसके जोखिम, गलत जानकारी, bias और जरूरत से ज्यादा निर्भरता के बारे में भी पढ़ाया जाएगा।
टीचर्स के लिए क्या बदला?
शिक्षकों को lesson planning और scheduling जैसे शिक्षक-केंद्रित कामों में AI इस्तेमाल करने की अनुमति रहेगी। हालांकि grading और assessment जैसे कामों के लिए AI के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। न्यूयॉर्क प्रशासन ने साफ किया है कि यह स्थायी प्रतिबंध नहीं है। एक साल के दौरान शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों से फीडबैक लेकर नीति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद तय किया जाएगा कि स्कूलों में AI को किस तरह और कितनी सीमा तक इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
