crime
प्रधानी की रंजिश में युवक की हत्या, चाचाओं पर हमले के बाद चली गोली l
कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के बीच 25 वर्षीय गिरजा शंकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि हत्या से कुछ घंटे पहले उसके दो चाचाओं पर चाकू से हमला हुआ था और वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। परिजनों का दावा है कि पुलिस ने तत्काल गांव जाकर कार्रवाई नहीं की। शाम को गिरजा शंकर की हत्या के बाद परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने कुलदीप समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिंतापुरवा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में पहले से चल रहे विवाद के बीच गिरजा शंकर को कुछ लोगों ने दौड़ाया और फिर गोली मार दी। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे गांव की पुरानी रंजिश सामने आ रही है। वहीं, परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद की जड़ प्रधानी की चुनावी रंजिश से जुड़ी है।
पहले चाचाओं पर चाकू से हमले का आरोप
परिजनों के मुताबिक, गिरजा शंकर की हत्या से कुछ घंटे पहले दोपहर में उसके दो चाचाओं पर भी चाकू से हमला किया गया था। आरोप है कि कुलदीप और उसके साथियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट करते हुए उन पर हमला किया। घायल दोनों चाचा शिकायत लेकर चौबेपुर थाने पहुंचे थे। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत सुनी, लेकिन तत्काल गांव जाकर कार्रवाई करने के बजाय जांच के लिए बाद में आने की बात कही। इसके बाद दोनों घायल वापस गांव लौट गए।
शाम को गिरजा शंकर को दौड़ाकर मारी गोली
परिवार के अनुसार, शाम के समय गिरजा शंकर अपने घर के पास मौजूद था। इसी दौरान कुलदीप कथित तौर पर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने गिरजा शंकर को दौड़ाना शुरू कर दिया और इसी दौरान गोली मार दी। गोली लगने के बाद गिरजा शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
गिरजा शंकर की हत्या के बाद परिवार ने पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि अगर दोपहर में घायल चाचाओं की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाती और पुलिस गांव पहुंचती, तो स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सकता था। परिवार ने मांग की है कि यह भी जांच होनी चाहिए कि घायल दोनों भाइयों के थाने पहुंचने के बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की। परिजनों का आरोप है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, जिसका परिणाम शाम को हुई हत्या के रूप में सामने आया।
कुलदीप समेत चार पर हत्या का केस
देर रात गिरजा शंकर के परिजनों की शिकायत पर कुलदीप समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने कहा है कि हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही परिवार की ओर से पुलिस पर लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी।फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और घटना से पहले हुए विवाद की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
