general
हावड़ा में रील बनाने के दौरान गंगा में डूबा युवक, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम l
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गंगा की उफनती लहरों के बीच रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। शिवपुर निवासी 30 वर्षीय तौहीद अकरम बुधवार को दोस्तों के साथ रामकृष्णपुर घाट पहुंचा था। रील बनाने के दौरान वह गंगा में डूब गया। सूचना के बाद पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।

पश्चिम बंगाल में लगातार हो रही बारिश के बीच नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसी बीच हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट से एक हादसे की खबर सामने आई है। यहां दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा 30 वर्षीय युवक गंगा नदी में डूब गया। बताया जा रहा है कि युवक घाट पर रील बना रहा था, तभी वह गंगा की तेज धार की चपेट में आ गया। युवक की पहचान शिवपुर इलाके के रहने वाले तौहीद अकरम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को तौहीद अपने दोस्तों के साथ रामकृष्णपुर घाट घूमने गया था। इसी दौरान वह गंगा नदी के किनारे रील बनाने लगा। अचानक वह नदी में डूब गया।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
तौहीद के गंगा में डूबते ही घाट पर मौजूद लोगों और उसके दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट टीम को सूचना दी। इसके बाद डिजास्टर मैनेजमेंट के कर्मचारी भी रामकृष्णपुर घाट पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। युवक को खोजने के लिए गोताखोरों की टीम भी मौके पर बुलाई गई।
गंगा में जारी है तलाश
पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट के कर्मचारियों और गोताखोरों की टीम गंगा नदी में तौहीद की तलाश कर रही है। नदी में तेज बहाव और बारिश के कारण रेस्क्यू टीम को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद तौहीद के परिजन भी रामकृष्णपुर घाट पहुंच गए। घाट पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई है। पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार नदी में युवक की तलाश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक तौहीद अकरम का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस और राहत-बचाव टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना के बाद एक बार फिर उफनती नदियों और जलस्रोतों के किनारे सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान सावधानी बरतने को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
