politics
चेन्नई में TVK पदाधिकारी कन्नन की पीछा कर हत्या, 5 हिरासत में l
चेन्नई के तिरुवन्मियूर के वन्नाथुरई इलाके में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के पदाधिकारी कन्नन की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात CCTV में कैद हुई है। पुलिस ने जांच के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं और पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है

चेन्नई के तिरुवन्मियूर इलाके में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के पदाधिकारी कन्नन की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना अड्यार के शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले वन्नाथुरई इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने कन्नन का पीछा किया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में कन्नन की मौत हो गई। पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है। अब तक पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक कन्नन B-कैटेगरी का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ दो हत्या के मामले और हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। राजनीति में सक्रिय होने के बाद कन्नन रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़ गया था।
पुलिस अब हत्या के पीछे संभावित कारणों की जांच कर रही है। इसमें रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा विवाद, पुरानी रंजिश और निजी दुश्मनी समेत अन्य एंगल शामिल हैं। CCTV फुटेज और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
उदयनिधि स्टालिन ने TVK पर उठाए सवाल
कन्नन की हत्या को लेकर विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने TVK पर निशाना साधा। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजधानी में सड़क पर इस तरह हत्या होना गंभीर चिंता का विषय है। उदयनिधि स्टालिन ने आरोप लगाया कि एक हिस्ट्रीशीटर, जो सुरक्षा की उम्मीद में सत्तारूढ़ TVK में शामिल हुआ था, उसकी ही पीछा कर हत्या कर दी गई। उन्होंने सरकार से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से इतर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
