crime
समस्तीपुर में 75 लीटर शराब बरामद, AC फर्स्ट क्लास से युवती समेत 2 गिरफ्तार l
बिहार में शराबबंदी के बीच समस्तीपुर में आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर शराब बरामद की। पुलिस ने शराब के साथ एक युवती और उसके साथ सफर कर रहे युवक को गिरफ्तार किया है। अब जांच में शराब तस्करी के नेटवर्क और खेप के संभावित खरीदार का पता लगाया जा रहा है।

बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। समस्तीपुर में आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर ब्रांडेड शराब बरामद की है। इस मामले में एक युवती और उसके साथ यात्रा कर रहे युवक को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर रेल मंडल की आरपीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवती ट्रेन से शराब की खेप लेकर यात्रा कर रही है। ट्रेन नई दिल्ली से जयनगर जा रही थी। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और सीआईबी की टीम समस्तीपुर स्टेशन पहुंची और ट्रेन के आने का इंतजार करने लगी।
ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही टीम ने AC फर्स्ट क्लास के H-1 कोच में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान एक युवती के पास मौजूद दो सूटकेस संदिग्ध पाए गए। जांच करने पर दोनों बैगों से बड़ी संख्या में शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद आरपीएफ ने युवती को शराब से भरे दोनों सूटकेस के साथ ट्रेन से उतार लिया। पूछताछ में उसकी पहचान समस्तीपुर के सिंघिया घाट थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी नेहा कुमारी के रूप में बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, वह नई दिल्ली से करीब 75 लीटर शराब लेकर समस्तीपुर आ रही थी।
युवती के साथ AC फर्स्ट क्लास कोच में यात्रा कर रहे हरियाणा के करनाल निवासी ईशान कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और उसके संभावित गंतव्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
गिरफ्तारी के बाद युवती की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई शराब की बरामदगी और मामले में दर्ज तथ्यों के आधार पर हुई है।
तस्करी नेटवर्क की जांच
आरपीएफ और जीआरपी अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच में युवती और उसके साथ गिरफ्तार युवक की भूमिका के साथ-साथ शराब सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह शराब की खेप बिहार ला चुके हैं या नहीं। जांच आगे बढ़ने पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
