crime
मुजफ्फरनगर में 14 साल की किशोरी से कथित दरिंदगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार l
मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी की रात 14 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर जाते समय तीन युवकों ने किशोरी को जबरन उठा लिया और एक आरोपी के घर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जन्माष्टमी की रात एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना छपार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोप है कि 14 वर्षीय किशोरी 4 सितंबर की रात मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही तीन युवकों ने उसे कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले लिया।
परिजनों के मुताबिक, किशोरी के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। आरोप है कि तलाश के दौरान किशोरी आरोपी समीर के घर में मिली। इसके बाद किशोरी ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दो कथित साथियों वलीन और सलमान की तलाश की जा रही है।पुलिस मामले में घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही पीड़िता के बयान और अन्य कानूनी प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मंत्री ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
