crime
मथुरा में फुटरेस्ट पर बैठने को लेकर विवाद, चलती ट्रेन से गिरकर 22 वर्षीय युवक की मौत l
उत्तर प्रदेश के मथुरा में चलती पैसेंजर ट्रेन में फुटरेस्ट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय जतिन की मौत हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान गजेंद्र नाम के युवक ने उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। GRP ने आरोपी को गिरफ्तार कर BNS की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। कासगंज-मथुरा पैसेंजर ट्रेन में फुटरेस्ट पर बैठने को लेकर हुए विवाद के दौरान 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक युवक ने उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। घटना शनिवार को राया रेलवे स्टेशन के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, हाथरस जिले का रहने वाला जतिन अपने परिवार के साथ हाथरस स्टेशन से कासगंज-मथुरा पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहा था।
जब ट्रेन राया स्टेशन से गुजर रही थी, उसी दौरान फुटरेस्ट पर बैठने को लेकर जतिन की गजेंद्र नाम के युवक से बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान गजेंद्र ने जतिन को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। ट्रेन से गिरने के बाद जतिन को गंभीर चोटें आईं। उसकी हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने जांच शुरू की और आरोपी गजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
