entertainment

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर दहाड़, छोटे बजट में 100 करोड़ पार l

सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। नीम करौली बाबा की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म ने रिलीज के करीब एक महीने में 100 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। Sacnilk के मुताबिक फिल्म का भारत में अब तक ग्रॉस कलेक्शन 117.46 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 99.29 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

Kashish Rai07 सित. 2026, 06:40 PM IST
खबर शेयर करें:
‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर दहाड़, छोटे बजट में 100 करोड़ पार l

फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई को लेकर चर्चा में है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने बड़े बजट की फिल्मों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया और वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिल रहा है। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने भारत में अब तक 117.46 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि इसका नेट कलेक्शन 99.29 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रविवार के अंतिम आंकड़े सामने आने के बाद इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है।


फिल्म की शुरुआत हालांकि काफी धीमी रही थी। 7 अगस्त को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये की कमाई की थी। शुरुआती दिनों में फिल्म की रफ्तार धीमी रही, लेकिन तीसरे हफ्ते में इसकी कमाई ने जोर पकड़ा। डिवोशनल स्टोरीलाइन और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर लंबे समय तक टिकाए रखा। फिल्म से जुड़ी एक खास बात इसके डायरेक्टर और प्रोड्यूसर विशाल चतुर्वेदी ने बताई है। The Raunac Podcast में उन्होंने बताया कि उन्होंने फिल्म के निर्देशन के लिए कोई फीस नहीं ली। विशाल के मुताबिक, वह इस फिल्म के निर्माता और निर्देशक दोनों हैं, इसलिए उन्होंने अपनी फीस माफ करने का फैसला किया।


विशाल ने फिल्म के सेट से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान सेट को पूरी तरह शाकाहारी रखा गया और हर दिन हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म की रिलीज से करीब साढ़े चार महीने पहले तक वह केवल फ्रूट डाइट पर थे। कम बजट में बनी होने के बावजूद ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसने फिल्म इंडस्ट्री में भी ध्यान खींचा है। बड़े बजट और चर्चित स्टारकास्ट वाली फिल्मों के बीच फिल्म की कमाई लगातार जारी है।