general
इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस-SSB का बड़ा एक्शन, 116 ग्राम स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार
बहराइच: भारत-नेपाल सीमा के पास रुपईडीहा में पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने एक महिला को 116 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹35 लाख बताई गई है। आरोपी के पास से भारतीय और नेपाली मुद्रा के साथ एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
Kalpana Gautam08 सित. 2026, 07:43 PM IST

बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के दशहरा बाग में 6 सितंबर की देर रात पुलिस और 42वीं वाहिनी SSB की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक महिला को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 116 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान करीब 40 वर्षीय शकीला बीबी, निवासी दशहरा बाग नई बस्ती, रुपईडीहा के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने महिला के पास से ₹21,029 भारतीय मुद्रा, ₹23,800 नेपाली मुद्रा और एक Vivo V60 मोबाइल फोन भी बरामद किया। सीमा क्षेत्र होने के कारण भारतीय और नेपाली मुद्रा की बरामदगी को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर रुपईडीहा थाने में NDPS Act की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से आया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही संभावित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से उसके संबंधों की भी जांच की जा रही है।
