crime

18 हजार के शक में दोस्त ने दोस्त को मार डाला l

हरियाणा के सोनीपत के गोहाना में 18 हजार रुपये चोरी करने के शक में दो दोस्तों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पार्टी के बहाने युवक को बुलाया और पूछताछ के बाद उसकी हत्या कर शव को नाले में पुलिया के नीचे छिपा दिया। करीब एक महीने से लापता युवक की तलाश के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया।

Kashish Rai10 सित. 2026, 06:56 PM IST
खबर शेयर करें:
18 हजार के शक में दोस्त ने दोस्त को मार डाला l

 हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महज 18 हजार रुपये चोरी होने के शक में दो दोस्तों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को नाले में पुलिया के नीचे छिपा दिया गया। मृतक की पहचान गोहाना के गांव इंद्रगढ़ी निवासी ढोलू उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, विक्की 5 अगस्त को अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो 1 सितंबर को उसके चाचा संजय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने विक्की के दोस्तों विक्रम और प्रीतम पर अपहरण का शक जताया। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों दोस्तों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने विक्की की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर नाले में पुलिया के नीचे से शव बरामद किया गया।

हरिद्वार से लौटने के बाद बढ़ा शक

एसीपी क्राइम राजपाल के मुताबिक, विक्की, विक्रम और प्रीतम आपस में करीबी दोस्त थे। करीब 30 से 40 दिन पहले तीनों किराए की टैक्सी से हरिद्वार गए थे। इसी दौरान प्रीतम के 18 हजार रुपये गायब हो गए। प्रीतम और विक्रम को शक हुआ कि रुपये विक्की ने चोरी किए हैं। हरिद्वार से लौटने के करीब एक सप्ताह बाद दोनों ने विक्की को पार्टी के बहाने गाड़ी में बुलाया। वहां उससे रुपये चोरी करने को लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, विक्की ने चोरी करने से इनकार किया, लेकिन दोनों आरोपियों का शक दूर नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने उसकी हत्या करने का फैसला किया।

नाले में छिपाया शव

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने विक्की की हत्या करने के बाद शव को गोहाना के पास एक नाले में पुलिया के नीचे छिपा दिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद विक्की करीब एक महीने तक लापता रहा। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए विक्रम निवासी रूखी गांव और प्रीतम निवासी भटगांव को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर शव बरामद किया गया।अब गोहाना क्राइम यूनिट मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है, ताकि हत्या की पूरी साजिश और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।