technology
Meta का नया AI Agent करेगा आपके काम, ईमेल से टिकट बुकिंग तक संभालेगा l
मेटा ने ऐसा नया ऑटोनोमस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट Muse पेश किया है, जिसे सिर्फ सवालों के जवाब देने के बजाय यूजर के लिए कई काम पूरे करने के लिए तैयार किया गया है। यह ईमेल भेजने, फॉर्म भरने, वेबसाइट ब्राउज करने, ऑनलाइन खरीदारी, डॉक्यूमेंट तैयार करने और यात्रा से जुड़े कामों में मदद कर सकता है। कंपनी का लक्ष्य AI को रोजमर्रा के कामों के लिए एक पर्सनल डिजिटल असिस्टेंट के तौर पर इस्तेमाल करना है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में अब AI सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रह गया है। Meta ने एक नए ऑटोनोमस AI एजेंट Muse को पेश किया है, जिसे यूजर के कई रोजमर्रा के काम खुद पूरा करने में मदद करने के लिए तैयार किया गया है। मेटा का यह नया AI एजेंट सामान्य चैटबॉट से अलग तरीके से काम करने की कोशिश करता है। आम AI टूल यूजर के सवालों का जवाब देते हैं या जानकारी उपलब्ध कराते हैं, लेकिन एजेंटिक AI का मकसद दिए गए निर्देश के आधार पर कई चरणों वाले काम को खुद आगे बढ़ाना है।
ईमेल से लेकर ऑनलाइन बुकिंग तक कर सकता है मदद
Muse को ऐसे कामों के लिए तैयार किया गया है, जिनमें यूजर को कई अलग-अलग स्टेप पूरे करने पड़ते हैं। इसके जरिए ईमेल भेजने, फॉर्म भरने, वेबसाइट पर जानकारी खोजने और ब्राउजिंग करने जैसे काम किए जा सकते हैं। इसके अलावा AI किसी सामान को ऑनलाइन खरीदने, गाड़ी बेचने के लिए लिस्टिंग तैयार करने, इमेज बनाने और डॉक्यूमेंट तैयार करने जैसे कार्यों में भी सहायता कर सकता है। यात्रा की योजना बनाते समय टिकट बुकिंग जैसे कामों में भी यह मदद कर सकता है। इसका उद्देश्य यूजर के छोटे-छोटे और समय लेने वाले डिजिटल कामों को आसान बनाना है। यूजर को केवल यह बताना होगा कि उसे क्या काम करवाना है और AI उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर उस काम को पूरा करने की कोशिश करेगा।
क्या है Agentic AI?
Muse को समझने के लिए Agentic AI को समझना जरूरी है। सामान्य AI अक्सर सवाल मिलने पर जवाब तैयार करता है, जबकि एजेंटिक AI किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए कई चरणों में काम करने की क्षमता पर फोकस करता है। Muse में अलग-अलग कामों के लिए जरूरी बिल्ट-इन स्किल्स का इस्तेमाल किया जाता है। यूजर जब कोई टास्क देता है तो AI उस काम को पूरा करने के लिए उपलब्ध क्षमताओं और ऐप कनेक्टिविटी का इस्तेमाल कर सकता है। यानी अगर किसी काम को पूरा करने के लिए कई वेबसाइट या डिजिटल टूल इस्तेमाल करने पड़ते हैं, तो एजेंटिक AI उन चरणों को एक साथ संभालने की कोशिश कर सकता है।
फ्री में इस्तेमाल का विकल्प
Meta Muse AI को फ्री में इस्तेमाल करने का विकल्प दिया गया है। इसे Apple App Store और Google Play Store से डाउनलोड किया जा सकता है। हालांकि, फ्री इस्तेमाल के दौरान कुछ उपयोग सीमा लागू हो सकती है। मेटा का यह कदम AI को सिर्फ बातचीत करने वाले टूल से आगे ले जाकर रोजमर्रा के डिजिटल कामों में इस्तेमाल करने की दिशा में देखा जा रहा है। आने वाले समय में ऐसे AI एजेंट यूजर्स के लिए डिजिटल असिस्टेंट की तरह कितने उपयोगी साबित होते हैं, यह उनके इस्तेमाल और उपलब्ध सुविधाओं पर निर्भर करेगा।
