crime

बिहार के छपरा में 15 रुपये को लेकर विवाद, असिस्टेंट प्रोफेसर पर चाकू से हमला l

बिहार के छपरा में दूध के 15 रुपये को लेकर हुए विवाद में एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर चाकू से हमला कर दिया गया। आरोप है कि दुकानदार के बेटे ने पैसे का विवाद खत्म होने के बाद पीछे से प्रोफेसर के कान पर चाकू से वार किया। घायल प्रोफेसर को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Kashish Rai11 सित. 2026, 07:48 PM IST
खबर शेयर करें:
बिहार के छपरा में 15 रुपये को लेकर विवाद, असिस्टेंट प्रोफेसर पर चाकू से हमला l

बिहार के छपरा में महज 15 रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद चाकू से हमले तक पहुंच गया। यहां दूध खरीदने गए एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर दुकानदार के बेटे ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रोफेसर घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, भगवान ठाकुर रोज की तरह दूध खरीदने दुकान पहुंचे थे। उन्होंने दुकानदार को 500 रुपये का नोट दिया। दुकानदार ने उन्हें 450 रुपये वापस किए। कुछ दूर जाने के बाद प्रोफेसर को पता चला कि उन्हें 15 रुपये कम मिले हैं। इसके बाद वह वापस दुकान पर पहुंचे और बाकी रकम मांगी।


बताया जा रहा है कि दुकानदार ने 15 रुपये वापस कर दिए। इसके बाद भगवान ठाकुर पैसे लेकर वहां से जाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार का बेटा पीछे से आया और उसने चाकू से प्रोफेसर के कान पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले में भगवान ठाकुर घायल होकर जमीन पर गिर गए। घायल अवस्था में उन्होंने अपने साथी दिनेश कुमार पाल को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दिनेश पाल मौके पर पहुंचे और घायल प्रोफेसर को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल ले गए। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।


भगवान ठाकुर मूल रूप से आरा जिले के रहने वाले हैं। साल 2017 में उनकी नियुक्ति जयप्रकाश विश्वविद्यालय के तहत आने वाले नंद लाल सिंह महाविद्यालय, दाऊदपुर में दर्शनशास्त्र के प्रोफेसर के तौर पर हुई थी। वर्तमान में उनकी ड्यूटी छपरा के रामजयपाल महाविद्यालय में लगी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भगवान बाजार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महज 15 रुपये के मामूली विवाद के बाद हमला करने की स्थिति क्यों बनी। मामले में पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।