education
NEET UG काउंसलिंग 2026 का राउंड-2 रिजल्ट जारी, उम्मीदवारों को मिली सीटें
NEET UG 2026 काउंसलिंग के राउंड-2 का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया गया है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने राउंड-2 के लिए नई और खाली सीटों की जानकारी भी जारी की है। सीट पाने वाले उम्मीदवारों को तय कार्यक्रम के अनुसार आगे की प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

नई दिल्ली: NEET UG 2026 काउंसलिंग के राउंड-2 का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया गया है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने 11 सितंबर को दूसरे चरण का परिणाम जारी किया। जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित हुई है, उन्हें 12 से 18 सितंबर 2026 के बीच संबंधित मेडिकल या डेंटल कॉलेज में रिपोर्ट कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। राउंड-2 काउंसलिंग में 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा (AIQ) सीटों के अलावा डीम्ड यूनिवर्सिटी, केंद्रीय विश्वविद्यालय, आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC), AIIMS और JIPMER की सीटें शामिल हैं। इस चरण में MBBS, BDS और BSc Nursing की सीटों के लिए भी वैकेंसी की जानकारी जारी की गई है।
MCC के कार्यक्रम के अनुसार राउंड-2 के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया 3 से 8 सितंबर तक चली थी। उम्मीदवारों ने 3 से 9 सितंबर के बीच कॉलेज और कोर्स की पसंद भरी। इसके बाद 9 और 10 सितंबर को सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी की गई और 11 सितंबर को परिणाम जारी किया गया।
13,186 नई MBBS सीटें बढ़ीं
NEET UG 2026 काउंसलिंग के बीच मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ा बदलाव हुआ है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने 13,186 नई MBBS सीटों को मंजूरी दी है। इसके बाद देश में MBBS सीटों की कुल संख्या बढ़कर 1,40,214 हो गई है। ये सीटें 836 सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में हैं और इसमें Institutes of National Importance (INIs) की सीटें शामिल नहीं हैं। नई सीटों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कर्नाटक में 1,650 सीटों की हुई है। इसके बाद तमिलनाडु में 1,250, बिहार में 1,240, उत्तर प्रदेश में 1,200, राजस्थान में 1,100 और तेलंगाना में 1,010 सीटें बढ़ाई गई हैं। महाराष्ट्र में 550 MBBS सीटें बढ़ी हैं, जिससे राज्य में कुल MBBS सीटों की संख्या 13,249 हो गई है।
18 सितंबर तक पूरा करना होगा दाखिला
राउंड-2 में सीट पाने वाले उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर अपने आवंटित संस्थान में रिपोर्ट करना होगा। कॉलेजों को दाखिला लेने वाले छात्रों के रिकॉर्ड का सत्यापन 19 सितंबर को करना है। वहीं, स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों का नया शैक्षणिक सत्र 15 सितंबर 2026 से शुरू होना निर्धारित है। MCC ने राउंड-2 के लिए नई सीटों, खाली सीटों और संभावित खाली सीटों की जानकारी भी जारी की है। उम्मीदवार अपने सीट अलॉटमेंट की स्थिति और आगे की प्रक्रिया MCC की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
