दिल्ली के पॉश कालकाजी इलाके में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय मंजीत सिंह के रूप में हुई है। घटना में उनका भाई दिलबाग भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मंजीत सिंह कालकाजी के एल ब्लॉक में स्थित एक प्रॉपर्टी के सिलसिले में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वहां कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ और उन पर हमला कर दिया गया। हमले में मंजीत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। उनके भाई दिलबाग के साथ भी मारपीट की गई।
दिलबाग ने बताया कि शनिवार देर शाम परिवार को सूचना मिली कि मंजीत का किसी से झगड़ा हुआ है। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ एल ब्लॉक पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि मंजीत सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। उनके शरीर से खून निकल रहा था। परिवार के लोगों ने उन्हें और घायल दिलबाग को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मंजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलबाग का इलाज किया जा रहा है। दिलबाग के मुताबिक, मौके पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया था, जिससे उन्हें चोटें आईं।
मंजीत की बहन ने आरोप लगाया कि उनके भाई की पीट-पीटकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि मंजीत प्रॉपर्टी का काम करते थे और प्रॉपर्टी के सिलसिले में ही एल ब्लॉक गए थे। परिवार को जब घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मंजीत गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। परिजनों ने इस वारदात के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ-साथ मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद मंजीत के परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंजीत अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है।