crime

पटना में मां को जिंदा जलाने का आरोप, नशे में बेटे ने पुलिस से भी की हाथापाई

पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय मंजू देवी की मौत के मामले में उनके बेटे चिंटू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि नशे की हालत में चिंटू ने अपनी मां को घर के अंदर जिंदा जला दिया। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए NMCH भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Kashish Rai22 सित. 2026, 08:38 PM IST
खबर शेयर करें:
पटना में मां को जिंदा जलाने का आरोप, नशे में बेटे ने पुलिस से भी की हाथापाई

बिहार की राजधानी पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ले में एक बुजुर्ग महिला की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 60 वर्षीय मंजू देवी की मौत के मामले में उनके बेटे चिंटू कुमार पर उन्हें घर के अंदर जिंदा जलाने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मंजू देवी दीवान मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनका बेटा चिंटू कुमार ऑटो रिक्शा चलाता है। पुलिस को शुरुआती जानकारी में यह भी पता चला है कि चिंटू कथित तौर पर नशे का आदी है। आरोप है कि घटना के समय वह नशे की हालत में था और इसी दौरान उसने अपनी मां को आग के हवाले कर दिया।


घटना की सूचना मिलने के बाद खाजेकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए पटना के NMCH भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चिंटू कुमार को गिरफ्तार करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की और उसे काबू करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी के व्यवहार को लेकर पुलिस ने असामान्य स्थिति की बात कही है। 


पुलिस के मुताबिक, चिंटू खुद को भगवान बताने लगा और कथित तौर पर घटना के बारे में बातें करता रहा। उसके बयानों और व्यवहार को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात से पहले मां-बेटे के बीच किसी तरह का विवाद हुआ था या नहीं। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपी ने किस तरह के नशे का सेवन किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।