entertainment

सिद्धार्थ-तमन्ना की ‘द वन’ के गाने पर विवाद, सिंगर ने बिना इजाजत इस्तेमाल का लगाया आरोप

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ रिलीज से पहले विवादों में आ गई है। सिंगर सरगम वैश ने आरोप लगाया है कि फिल्म के ट्रेलर में उनके ओरिजिनल गाने ‘ऐगिरि नंदिनी’ का इस्तेमाल उनकी अनुमति के बिना किया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म की टीम से गाना हटाने और उनसे संपर्क करने की अपील की है। सिंगर ने कहा कि अगर उनके म्यूजिक के इस्तेमाल के लिए कोई वैध लाइसेंस है तो उसकी जानकारी दी जाए, अन्यथा वह कानूनी रास्ता अपना सकती हैं।

Kashish Rai24 सित. 2026, 01:17 PM IST
खबर शेयर करें:
सिद्धार्थ-तमन्ना की ‘द वन’ के गाने पर विवाद, सिंगर ने बिना इजाजत इस्तेमाल का लगाया आरोप

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ रिलीज से पहले अपने संगीत को लेकर विवाद में आ गई है। सिंगर सरगम वैश ने फिल्म के मेकर्स पर अपने गाने ‘ऐगिरि नंदिनी’ का कथित तौर पर बिना अनुमति इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फिल्म के आधिकारिक ट्रेलर में उनके ओरिजिनल म्यूजिक का इस्तेमाल किया गया, जबकि उन्होंने इसके लिए कोई मंजूरी नहीं दी थी। सरगम वैश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फिल्म की टीम से उनके गाने को ट्रेलर और प्रमोशनल कंटेंट से हटाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद ‘द वन – ऑफिशियल ट्रेलर’ देखा, जिसमें उन्हें अपने ओरिजिनल गाने की आवाज और म्यूजिक का इस्तेमाल नजर आया। सिंगर के मुताबिक, उन्होंने फिल्म के ट्रेलर या उसके प्रचार में अपने संगीत के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी है।


सिंगर ने अपनी पोस्ट में यह भी बताया कि उन्होंने इस म्यूजिक को लेकर पहले ही एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। उनका कहना है कि बिना अनुमति उनके गाने का इस्तेमाल होने से उनके मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कलाकारों के काम और उनके अधिकारों का सम्मान किए जाने की बात कही। सरगम वैश ने फिल्म की संबंधित टीम से सीधे संपर्क करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर उनके गाने के इस्तेमाल को लेकर कोई वैध अनुमति या लाइसेंस मौजूद है, तो उन्हें इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। वहीं, अगर ऐसा कोई लाइसेंस नहीं है तो उन्होंने ट्रेलर से अपने म्यूजिक को हटाने की मांग की है। सिंगर ने यह भी संकेत दिया है कि मामला नहीं सुलझने पर वह कानूनी रास्ता अपना सकती हैं।

 

इस विवाद के बीच फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से चर्चा है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार एक अलग तरह की कहानी में साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म की कहानी मध्य भारत के घने और रहस्यमयी जंगलों की पृष्ठभूमि से जुड़ी बताई जा रही है और इसमें भारतीय लोककथाओं का भी प्रभाव देखने को मिलेगा। फिल्म की कहानी को ज्यादा वास्तविक दिखाने के लिए इसकी शूटिंग असली जंगलों और प्राकृतिक लोकेशन पर किए जाने की जानकारी सामने आई है। फिल्म का निर्देशन दीपक मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने किया है। इसे शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अरुणाभ कुमार प्रोड्यूस कर रहे हैं। बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर (TVF) के संयुक्त प्रोडक्शन में बन रही यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हालांकि, रिलीज से पहले सामने आए गाने के विवाद पर फिल्म की टीम की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।