crime
अमरोहा के फार्म हाउस में युवती से गैंगरेप का आरोप, CRPF इंस्पेक्टर समेत 4 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में 23 वर्षीय युवती ने चार लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। आरोपियों में दो CRPF कर्मी, अमरोहा में तैनात एक सब इंस्पेक्टर और एक हेड कॉन्स्टेबल शामिल हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 22-23 सितंबर की रात हसनपुर इलाके के झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस की बताई जा रही है। पुलिस मामले में आरोपियों की अलग-अलग भूमिका और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक 23 वर्षीय युवती ने चार लोगों पर कथित गैंगरेप का आरोप लगाया है। मामला हसनपुर थाना क्षेत्र के झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस का बताया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें CRPF के दो कर्मचारी और यूपी पुलिस के दो कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना 22 और 23 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात की है। अमरोहा के एसपी लखन सिंह यादव के अनुसार, युवती पहले से CRPF के हेड कॉन्स्टेबल मोहित उर्फ विक्की और CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव को जानती थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवती की मुलाकात मोहित से हरियाणा के सोनीपत में हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को युवती मोहित और लालाराम यादव के साथ अमरोहा के हसनपुर इलाके में पहुंची थी। यहां मोहित की मुलाकात हसनपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी लोग झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे, जहां दो कमरे किराये पर लिए गए थे। जांच के मुताबिक, कुछ समय बाद हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद भी खाना लेकर फार्म हाउस पहुंचा। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि इसी दौरान उसके साथ जबरदस्ती की गई और चारों ने उसके साथ गैंगरेप किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर CRPF हेड कॉन्स्टेबल मोहित उर्फ विक्की, CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव, सब इंस्पेक्टर संजय तोमर और हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मोहित की तैनाती CRPF की पांचवीं बटालियन दिल्ली में, जबकि लालाराम यादव 156वीं बटालियन न्यू बोगाईगांव, असम में तैनात हैं। संजय तोमर हसनपुर थाने में सब इंस्पेक्टर और प्रमोद पुलिस लाइन में तैनात बताया गया है। एसपी लखन सिंह यादव के मुताबिक, युवती ने चारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अब पीड़िता के बयान के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में प्रत्येक आरोपी की जो भी भूमिका सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फार्म हाउस में घटनाक्रम किस तरह हुआ और आरोपियों की इसमें क्या-क्या भूमिका थी।
