crime

निधि पर 24 घंटे नजर रखता था बॉयफ्रेंड, मौत के बाद गायब सोनू सिंह

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में पुलिस जांच उसके कथित बॉयफ्रेंड सोनू सिंह पर केंद्रित है। परिवार का आरोप है कि सोनू निधि पर लगातार नजर रखता था और दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती थी। घटना के बाद सोनू का मोबाइल बंद बताया जा रहा है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Kashish Rai29 सित. 2026, 08:50 PM IST
खबर शेयर करें:
निधि पर 24 घंटे नजर रखता था बॉयफ्रेंड, मौत के बाद गायब सोनू सिंह

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में पुलिस की जांच अब उनके बॉयफ्रेंड सोनू सिंह के इर्द-गिर्द घूम रही है। परिवार का आरोप है कि सोनू निधि पर करीब 24 घंटे नजर रखता था और लगातार फोन के जरिए उसके संपर्क में रहता था। घटना के बाद से सोनू का मोबाइल बंद बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। निधि मोरवा के जीएस ग्रैंड होटल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात पंजाब निवासी सोनू सिंह से हुई। परिवार के मुताबिक, सोनू एक आउटसोर्सिंग कंपनी में इंजीनियर था और काम के सिलसिले में सिंगरौली आता-जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में नजदीकी रिश्ते में बदल गई।


निधि की मां हेमलता तिवारी का आरोप है कि सोनू उनकी बेटी पर लगातार नजर रखता था। वह फोन और ब्लूटूथ के जरिए निधि के संपर्क में रहता था। परिवार का दावा है कि सोनू शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। परिजनों ने यह भी बताया कि निधि को सोनू से दूरी बनाने के लिए समझाया गया था, लेकिन दोनों के बीच बातचीत जारी रही। घटना वाले दिन भी सोनू का फोन निधि के परिवार के पास आया था। मां के मुताबिक, सोनू ने उन्हें तुरंत ऊपर जाने के लिए कहा। परिवार जब कमरे तक पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने के बाद निधि अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निधि की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आई है, जिसे पुलिस जांच के दौरान अहम मान रही है। पोस्ट में उन्होंने खुद से प्यार करने और खुद के भीतर खुद को तलाशने की बात कही थी। पुलिस अब फोन कॉल, डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया पोस्ट और सोनू के साथ हुई बातचीत की जांच कर रही है, ताकि मौत से पहले की पूरी घटनाक्रम को समझा जा सके।